Post Views 01
November 25, 2026
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर बुधवार को जिला परिषद में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी पूजा भंसाली ने विजय हासिल कर ली।
इससे पूर्व भाजपा के सभी प्रत्याशी बस के जरिए जिला परिषद पहुंचे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सभी प्रत्याशियों को जांच के बाद अंदर प्रवेश दिया गया। बस में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत और विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे। हालांकि, नेताओं को बाहर ही रोक दिया गया, जबकि सभी प्रत्याशियों को जिला परिषद के अंदर प्रवेश दिया गया। प्रत्याशियो को पहले शपथ दिलाई गई और इसके बाद उन्होंने जिला प्रमुख के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया।
अजमेर जिला प्रमुख पद पर भाजपा की पूजा भंसाली की जीत के बाद जिला परिषद के बाहर जश्न का माहौल देखने को मिला। जीत के बाद पूजा भंसाली भाजपा के अन्य प्रत्याशियों के साथ जिला परिषद से बाहर निकलीं। इस दौरान उनकी बेटी ने उन्हें गले लगा लिया। पूजा भंसाली भी बेटी से गले मिलते समय भावुक नजर आईं। वहीं, मंत्री सुरेश रावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नई जिला प्रमुख पूजा भंसाली को जिला प्रमुख की नेमप्लेट सौंपी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। आतिशबाजी भी की गई। इस दौरान पूजा भंसाली के चेहरे पर जीत की खुशी के साफ नजर आ रही थी।
अजमेर में जिला प्रमुख चुनाव को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है और पार्टी का उम्मीदवार प्रचंड बहुमत से जीता है। विपक्ष हताश और निराश है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। हमें जनता के जनादेश पर पूरा भरोसा था। कांग्रेस की ओर से भाजपा नेताओं के अंदर जाने के आरोपों पर चौधरी ने कहा कि भाजपा नियमों और व्यवस्था का पालन करती है। कोई भी नेता अंदर नहीं गया है, केवल जीते हुए प्रत्याशी ही मतदान के लिए अंदर गए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved