Post Views 01
November 21, 2026
अजमेर में अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा, देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना पड़ा भारी, जिला स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी
अजमेर। अजमेर में अवैध हथियारों के खिलाफ जिला स्पेशल पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को एक अवैध देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी धाक जमाने की कोशिश करता था। सोशल मीडिया पर सामने आई हथियारों के प्रदर्शन की तस्वीरों के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और कार्रवाई को अंजाम दिया। सीओ शिवम जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक श्री वाटिका के पास अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल यूवी कॉलोनी के पास घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी कोमल सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेलर चलाता है और काफी समय पहले किसी परिचित से पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब हथियार की खरीद-फरोख्त के स्रोत और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।आरोपी के खिलाफ पूर्व में एक मामला गेगल थाना पर भी दर्ज है। कार्रवाई में जिला स्पेशल पुलिस टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल मुकेश टांडी की विशेष भूमिका रही
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved