June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: राजस्थान सरकार ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और ऊर्जा क्षेत्र को अधिक आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार को विद्युत भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्यभर में 350 स्थानों पर 850 इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बढ़ती इलेक्ट्रिक वाहन संख्या को देखते हुए प्रदेश में व्यापक चार्जिंग नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी पार्किंग स्थलों, सरकारी भवनों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन चार्जिंग स्टेशनों को एक मोबाइल एप से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहन चालक अपने आसपास उपलब्ध चार्जिंग सुविधाओं की रियल टाइम जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए 33 केवी और 11 केवी सब-स्टेशनों पर बैटरी स्टोरेज सिस्टम विकसित करने की भी योजना है। इसके माध्यम से सौर ऊर्जा को संग्रहित कर आवश्यकता के समय उपयोग में लिया जा सकेगा, जिससे ऊर्जा प्रबंधन और अधिक प्रभावी होगा। 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन के समय कृषि बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में 26 जिलों में दिन के समय कृषि बिजली आपूर्ति शुरू की जा चुकी है, जबकि शेष जिलों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सरप्लस एनर्जी स्टेट बनाया जा सके। रिकॉर्ड मांग के बावजूद नहीं हुई बिजली कटौती हीरालाल नागर ने बताया कि 27 मई को रात 11:30 बजे प्रदेश में इस वर्ष की सर्वाधिक 17,333 मेगावाट बिजली मांग दर्ज की गई थी। उस समय उपलब्धता 17,353 मेगावाट रही, जिसके कारण किसी प्रकार की लोड शेडिंग या बिजली कटौती की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि बेहतर ऊर्जा प्रबंधन, समय पर रखरखाव और पर्याप्त कोयला उपलब्धता के कारण उत्पादन निगम ने 2 जून को 7,171 मेगावाट उपलब्धता और 94.7 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) का रिकॉर्ड दर्ज किया। वहीं सूरतगढ़ तापीय विद्युत परियोजना ने 2,790 मेगावाट बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार की योजनाओं से आने वाले वर्षों में राजस्थान स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: जयपुर दक्षिण पुलिस ने सोडाला थाना क्षेत्र में हुई चर्चित चेन स्नैचिंग और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला को सड़क पर पटककर महज 17 सेकंड में 4.23 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है। साथ ही लूटे गए आभूषण खरीदने वाले दो ज्वेलर्स को भी हिरासत में लिया गया है। डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अनिकेश रावत के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के मुरैना जिले का निवासी है और जयपुर के सुशीलपुरा क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। मुरैना से हुई गिरफ्तारी पुलिस टीम आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश के सबलगढ़ पहुंची। देर रात मिली सूचना के आधार पर उसके घर पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन गिरने से घायल हो गया। इसके बावजूद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और जयपुर लाकर पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात कबूल कर ली। जुए और सट्टे के कर्ज ने बनाया अपराधी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जयपुर में किराये पर रहकर क्षेत्र की रेकी करता था। इसी दौरान वह जुए और सट्टे की लत में पड़ गया, जिससे उस पर कर्ज बढ़ता गया। आर्थिक दबाव के चलते उसने अपनी मोटरसाइकिल तक गिरवी रख दी थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह सुबह से सोडाला और सुशीलपुरा क्षेत्र में घूम रहा था। रास्ते में एक हनुमान मंदिर में करीब दो घंटे तक रुका और बाद में शिकार की तलाश में निकल पड़ा। इसी दौरान उसे अकेली बुजुर्ग महिला दिखाई दी, जिसे उसने निशाना बनाया। गोपाल ज्वेलर्स में बेचे थे आभूषण पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लूटे गए सोने के आभूषण मानसरोवर स्थित गोपाल ज्वेलर्स को बेच दिए थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश चंद्र गुप्ता (61) निवासी वीटी रोड, मानसरोवर तथा राजेंद्र अग्रवाल (63) निवासी हीरापथ, मानसरोवर के रूप में हुई है। पुलिस लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी एवं तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य जलदाय सचिव सुबोध अग्रवाल के खिलाफ विशेष अदालत में 17,500 पन्नों का आरोप पत्र प्रस्तुत किया है। एसीबी की जांच में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के टेंडरों में पद के दुरुपयोग, टेंडर पुलिंग और व्यापक वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एसीबी मामलों की विशेष अदालत में यह चार्जशीट दाखिल की। अदालत ने मामले को 8 जून के लिए रिपोर्ट श्रेणी में सूचीबद्ध किया है। फर्जी दस्तावेजों से हासिल किए गए करोड़ों के टेंडर एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लगभग 979.27 करोड़ रुपये के टेंडर प्राप्त किए गए। जांच एजेंसी के अनुसार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के कुछ अधिकारियों और निजी ठेकेदारों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। जांच में यह भी पाया गया कि 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की निविदाओं में नियमों के विपरीत ‘साइट विजिट प्रमाण-पत्र’ को अनिवार्य किया गया था। इससे निविदा प्रक्रिया की गोपनीयता प्रभावित हुई और संभावित बोलीदाताओं की पहचान पहले ही उजागर हो गई। 2024 में दर्ज हुई थी एफआईआर जल जीवन मिशन घोटाले के संबंध में एसीबी ने वर्ष 2024 में प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान सामने आया कि श्रीगणपति ट्यूबवेल और श्रीश्याम ट्यूबवेल नामक फर्मों के संचालकों ने इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के कथित फर्जी कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र तैयार कराए और पीएचईडी अधिकारियों की मिलीभगत से लगभग 960 करोड़ रुपये के टेंडर हासिल किए। इस मामले में पहले ही प्रवर्तन निदेशालय ने भी अलग से मामला दर्ज किया था। ईडी की जांच के दौरान तत्कालीन जलदाय मंत्री महेश जोशी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। महेश जोशी और अन्य के खिलाफ जांच जारी एसीबी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकरण में तत्कालीन जलदाय मंत्री महेश जोशी, कारोबारी संजय बड़ाया तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जांच अभी जारी है। एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले एसीबी दिनेश गोयल, कृष्णदीप गुप्ता, शुभांशु दीक्षित, सुशील शर्मा, विशाल सक्सेना, अरुण श्रीवास्तव, डी.के. गौड़, महेंद्र प्रकाश सोनी, मुकेश पाठक और नीरिल कुमार सहित कई आरोपियों के खिलाफ भी आरोप पत्र प्रस्तुत कर चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी मामले में फरार चल रहे जितेन्द्र शर्मा, मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। एसीबी की टीमें इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। जल जीवन मिशन से जुड़ा यह मामला राजस्थान के हाल के वर्षों के सबसे चर्चित और बड़े कथित टेंडर घोटालों में गिना जा रहा है। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं और जांच आगे भी जारी रहेगी।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर स्थित झालाना विश्व वानिकी उद्यान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हरियाली बढ़ाने में योगदान देने की अपील की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल भी करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्माने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री एवं जयपुर जिले के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल तथा सांसद मंजू शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: टोंक। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर और एक कथित दलाल मोहम्मद शाजिम को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर (44) तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम (32) शामिल हैं। मीटर लौटाने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर मांगी रिश्वत एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार 4 जून 2026 को विद्युत विभाग की टीम परिवादी के घर पहुंची थी। टीम ने बिजली मीटर की फोटो लेने के बाद मीटर को अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि इसके बाद सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने वीसीआर भरने की कार्रवाई की धमकी देते हुए मीटर वापस देने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने रिश्वत की मांग की पुष्टि की। बाद में बातचीत के दौरान राशि घटाकर 20 हजार रुपये करने पर सहमति बनी। दलाल के माध्यम से ली रिश्वत एसीबी के अनुसार ट्रैप कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता ने परिवादी को अपने कार्यालय में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम को रिश्वत राशि देने के निर्देश दिए। परिवादी ने जैसे ही 20 हजार रुपये की राशि शाजिम को दी, उसने रकम गिनकर अपनी पैंट की जेब में रख ली। पूर्व निर्धारित योजना के तहत मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिश्वत राशि बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज यह कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमाला के निर्देशन में मामले की जांच जारी है। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा आय से अधिक संपत्ति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: जयपुर। कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी नीरज डांगी ने शुक्रवार को राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने विधानसभा परिसर में निर्वाचन अधिकारी भारत भूषण शर्मा के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेतृत्व ने नीरज डांगी की उम्मीदवारी को पार्टी के सामाजिक प्रतिनिधित्व और संसदीय अनुभव के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया। नामांकन दाखिल करने से पूर्व विधानसभा परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीरज डांगी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि नीरज डांगी राज्यसभा में राजस्थान और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि डांगी का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव संसद में कांग्रेस की आवाज को और प्रभावी बनाएगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान से राज्यसभा की रिक्त हो रही सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस ने एक बार फिर नीरज डांगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें दूसरी बार राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार विधानसभा में कांग्रेस के वर्तमान संख्या बल को देखते हुए उनकी जीत की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नेताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
June 5, 2026
राजस्थान न्यूज़: जयपुर। महेश नगर थाना क्षेत्र में दर्ज बहुचर्चित हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की कथित उगाही के मामले में आरोपी दिशा बाबला और धीरज कुमार को सत्र न्यायालय से राहत नहीं मिली है। अपर सत्र न्यायाधीश रवि बाला सिंह ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज करते हुए उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह आदेश पारित किया। मामला उस समय चर्चा में आया था जब परिवादी विमल डागा ने महेश नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी पूर्व इंटर्न दिशा बाबला, धीरज कुमार, करण बाबला तथा अन्य सहयोगियों ने मिलकर उसे लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और ब्लैकमेल कर बड़ी रकम की मांग की। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने, परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के माध्यम से अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि परिवादी से अब तक करीब 90 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं, जबकि आरोपी पक्ष द्वारा 50 लाख रुपये अतिरिक्त की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी उसके एआई प्रोजेक्ट पर नियंत्रण स्थापित करना चाहते थे और इसी उद्देश्य से सोशल मीडिया, ई-मेल तथा अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस जांच के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल रिकॉर्ड और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले दिशा बाबला को जोधपुर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद महेश नगर थाना पुलिस ने मामले के कथित मास्टरमाइंड बताए जा रहे धीरज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच अभी जारी है। परिवादी पक्ष के अधिवक्ता ललित शर्मा ने न्यायालय में कहा कि यह मामला केवल व्यक्तिगत विवाद नहीं बल्कि एक संगठित षड्यंत्र और कथित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने दलील दी कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और आगे भी नए खुलासों की संभावना है, इसलिए आरोपियों को जमानत नहीं दी जानी चाहिए। जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने भी आरोपों की गंभीरता, जांच की स्थिति और उपलब्ध साक्ष्यों का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश रवि बाला सिंह ने माना कि मामले में लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं तथा वर्तमान परिस्थितियों में आरोपियों को जमानत का लाभ देना उचित नहीं होगा। न्यायालय द्वारा जमानत याचिकाएं खारिज किए जाने के बाद दिशा बाबला और धीरज कुमार फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में रहेंगे। वहीं पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका, डिजिटल साक्ष्यों और कथित नेटवर्क की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
June 5, 2026
अजमेर न्यूज़: वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत पुष्कर के निकटवर्ती गांव बूढ़ा पुष्कर स्थित रुद्र पुष्कर सरोवर पर आयोजित समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सरोवर पूजन से हुई। पंडित रूपनारायण पाराशर और पंडित चंद्रशेखर गौड़ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने पुश्तैनी बही खाते में हस्ताक्षर भी किए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। उनके साथ पुष्कर विधायक एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, जिला कलेक्टर लोकबंधु, जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, मंत्री सुरेश रावत और अधिकारियों ने सरोवर क्षेत्र में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद सरोवर पर पीपल वृक्ष की पूजा की गई। सरोवर में चल रहे खुदाई कार्य में श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की अपील की गई।अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि 25 मई गंगा दशमी से शुरू हुआ यह अभियान आज विश्व पर्यावरण दिवस पर संपन्न हो रहा है। इन दस दिनों में प्रदेशभर में जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण को लेकर सराहनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कैच द रेन” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि बारिश का पानी व्यर्थ न बहे, इसके लिए हर व्यक्ति को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि जल केवल पीने या सिंचाई के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक है। यदि अभी से जल संरक्षण को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में संकट और गहरा सकता है।उन्होंने कहा कि नदियों, बांधों, तालाबों, कुओं, बावड़ियों और अन्य जल स्रोतों को सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है। जल संरक्षण अभियान केवल दस दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और गांव स्तर पर पानी बचाने और जल स्रोतों की साफ-सफाई का संकल्प लें।उप मुख्यमंत्री ने पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पुष्कर क्षेत्र में जल, सड़क, स्वास्थ्य और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने मंत्री सुरेश सिंह रावत के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुष्कर के विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अजमेर और ब्यावर क्षेत्र की प्रभारी मंत्री होने के नाते उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है और क्षेत्र के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास जारी रहेगा।इससे पूर्व स्वागत भाषण में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत पूरे प्रदेश में जलाशयों की सफाई, श्रमदान और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर व्यापक कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज भी बरसात से पहले तालाबों, नालों और जलाशयों की सफाई करते थे, ताकि वर्षा का पानी संरक्षित हो सके और लोगों को शुद्ध पानी मिल सके। मंत्री रावत ने कहा कि बूढ़ा पुष्कर के जीर्णोद्धार के लिए जल संसाधन विभाग से 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से बूढ़ा पुष्कर सरोवर की खुदाई, सफाई, घाटों का जीर्णोद्धार, परिक्रमा मार्ग का विकास और मुख्य फीडर की मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगली बार जब उप मुख्यमंत्री यहां आएंगी, तो बूढ़ा पुष्कर और अधिक सुव्यवस्थित और सुसज्जित रूप में नजर आएगा। उन्होंने पुष्कर ब्रह्मा मंदिर विकास परियोजना, उप जिला अस्पताल के लिए 45 करोड़ रुपये की स्वीकृति और विधानसभा क्षेत्र में सड़कों व अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। रावत ने कहा कि पुष्कर विधानसभा के विकास में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का लगातार सहयोग मिल रहा है। मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। इस अभियान से जनता में जलाशयों की सफाई, वर्षा जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान जैसे प्रदेश में पानी की समस्या को देखते हुए जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना जरूरी है।कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पुष्कर उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा, पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़, भाजपा पुष्कर मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वर पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री अजमेर के लिए रवाना हो गईं।
June 5, 2026
अजमेर न्यूज़: पोक्सो कोर्ट संख्या एक के विशिष्ट न्यायाधीश हेमंत सिंह ने 11 वर्ष की नाबालिक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी अमरचंद उर्फ टीकम को 20 वर्ष कठोर कारावास की सजा के साथ 26500 के अर्थ दंड से दंडित किया। 18 जून 2024 को जीआरपी में एक प्रकरण दर्ज हुआ था जिसमें दरगाह जियारत के लिए आए परिवार ने बताया कि वह अजमेर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे इस बीच वह वही सो गए रात करीब 12:30 बजे जब उसके रिश्तेदार टिकट लेने के लिए उठे तो वहां से उनकी पुत्री और कपड़े का बैग गायब था। इसके बाद तलाश किया लेकिन कहीं जानकारी नहीं मिली। इसके बाद प्लेटफार्म पर नंबर चार पर एक खड़ी हुई ट्रेन में उनकी पुत्री घायल अवस्था में मिली। जिसके चेहरे पर और होठों पर गंभीर घाव थे।इसके बाद जीआरपी थाना पुलिस को सूचना दी गई और मुकदमा नंबर 107/2024 धारा 323, 325, 363, 376, 201 में दर्ज किया गया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पीड़िता के 161 व 164 सीआरपीसी के बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए गए।प्रकरण में 30 गवाह और 109 दस्तावेज प्रदर्शित कराए गए ।जिसके आधार पर माननीय न्यायालय ने आज सजा का ऐलान करते हुए टिप्पणी की है कि 11 वर्ष की आयु की नाबालिक बच्ची का अपहरण और कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त के विरुद्ध नरमी का रूख नहीं अपनाया जा सकता इसलिए अभियुक्त को दंडित करना न्याय उचित होगा। साथ ही न्यायालय ने पीड़िता को पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत कुल 6 लाख रुपए की प्रतिकार राशि दिलाये जाने का भी ऐलान किया। जिसमें 1लाख रुपए पूर्व में पीड़िता को दिलाये जा चुके हैं।
June 5, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर, 5 जून। ब्रह्मा मन्दिर की अस्थाई प्रबन्ध समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें ब्रह्मा मन्दिर के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के विषय पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि ब्रह्मा मन्दिर में विश्व भर के श्रद्धालु आते है। इनके लिए आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। मन्दिर परिसर का जीर्णोद्धार एवं संरक्षण अति आवश्यक है। बैठक में उपस्थित एएसआई के अधिकारियों ने अम्बे माता मन्दिर के जीर्णोद्धार के लिए सहमति व्यक्त की। यह कार्य नगर परिषद के माध्यम से करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मन्दिर परिसर के आवश्यक संरक्षण का दस्तावेजीकरण आवश्यक है। विभिन्न विभागों के संयुक्त दल द्वारा परिसर का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान तकनीकी विशेषज्ञों का दल साथ रहेगा। संरचनाओं के बचाव के लिए अस्थाई उपाय तत्काल होने चाहिए। आगामी 7 दिवस में जीर्णोद्धार एवं संरक्षण की सम्पूर्ण कार्य योजना निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि बैठक में विचार-विमर्श उपरान्त हॉल के सौन्दर्यीकरण तथा मरम्मत, जनरेटर लगाने, आरओ स्थापित करने, पानी की पाईप लाइन, सीवरेज मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे, गौशाला का दरवाजा निर्माण, जूता स्टैण्ड, मैटिंग, गैस पाईप लाइन फिटिंग, अग्नि क्षमन प्रणाली एवं स्ट्रेचर जैसी मूलभूत सुविधाओं पर कार्य करने की सहमति बनी। इस अवसर पर पुष्कर के उपखण्ड अधिकारी श्री गुरू प्रसाद तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु जांगिड़, नगर परिषद के आयुक्त श्री जनार्दन शर्मा, एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद् श्री आई.ए हाश्मी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved