July 22, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर के मदार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 9 लाख लीटर क्षमता वाली पेयजल टंकी का वॉल अचानक टूट गया। वॉल्व टूटते ही तेज दबाव के साथ फव्वारे की तरह पानी बाहर निकलने लगा।जानकारी के अनुसार टंकी में करीब 9 लाख लीटर पानी भरा था, जो वॉल्व टूटने से महज आधे घंटे में सड़कों पर बह गया। टंकी पूरी तरह खाली हो गई।टंकी से आज सुबह 7 बजे पानी की सप्लाई होनी थी, लेकिन वॉल्व में तकनीकी समस्या आने के कारण सप्लाई रोक दी गई थी। विभाग की ओर से 11 बजे पानी छोड़ने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक वॉल्व टूट गया और टंकी का पूरा पानी तेज बहाव से सड़कों पर बह गया।जलदाय विभाग की एक्सईएन निशा मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त वॉल को बदलने और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बहाल करने की संभावना जताई है।
July 22, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील की दुर्दशा, झील में फैली गंदगी और जलस्तर कम करने हुई हजारों मछलियों की मौत को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस पार्टी द्वारा गुरुवार 23 जुलाई को अजमेर बंद का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। इस दौरान अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है। बुधवार को बंद को सफल बनाने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर के नेतृत्व में शहर में एक वाहन रैली निकाली गई। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से संपर्क कर बंद में सहयोग ओर समर्थन की अपील की। इस दौरान आनासागर झील को बचाने और शहर की समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों से एकजुट होने का भी आह्वान किया गया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल ने कहा कि ऐतिहासिक आनासागर झील लगातार प्रदूषण और बदहाल व्यवस्थाओं का शिकार हो रही है। झील में गंदगी, दुर्गंध और मछलियों की मौत जैसे मामलों को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी के विरोध में अजमेर बंद का निर्णय लिया गया है।वाहन रैली में कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौर, महेंद्र सिंह रलावता, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने शहरवासियों से गुरुवार के बंद को सफल बनाने और आनासागर झील के संरक्षण में सहयोग की अपील भी की। इस दौरान नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति हम नहीं राजनीति भाजपा कर रही है। हमारे बंद का ऐलान करते ही उन्होंने श्रमदान के लिए प्रेस वार्ता आयोजित कर ली जबकि वह चाहते तो पहले ही श्रमदान करते जब हजारों की तादाद में मछलियां झील में मर गई लेकिन तब कोई श्रमदान के लिए नहीं आया।
July 22, 2026
अजमेर न्यूज़: केंद्र सरकार की "जल संरक्षण जन सहभागिता अभियान" फेज- 3 के तहत दिनांक 22 जुलाई से 24 जुलाई तक "त्रिदिवसीय स्वच्छता अभियान" आनासागर में श्रमदान,सकल राष्ट्रभक्त अजमेर द्वारा शुरू किया गया । जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि लंबे कालखंड तक स्वतंत्रता पश्चात् राजस्थान में कांग्रेस का शासन रहा, लेकिन कांग्रेस द्वारा कभी भी आनासागर के संरक्षण हेतु कोई प्रयास नहीं किए गए। जल सहभागिता अभियान" फेज- 3 के तहत मानसून से पूर्व दिनांक 22 जुलाई से 24 जुलाई तक त्रिदिवसीय स्वच्छता अभियान अजमेर की जनता को साथ लेकर किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी सरकार एवं संगठन का मानना है कि जनहित के प्रश्नों पर समाधान खोजना ही लोकनीति है भ्रम फैलाकर विवाद खड़ा करना केवल राजनीति हो सकती है, जनसेवा नहीं समस्या बड़ी दिखाई देती है। समाधान करने से समस्या छोटी हो जाती है। विपक्ष का धर्म केवल विरोध करना नहीं जनहित के मुद्दों पर समाधान प्रस्तुत कर सहभागी बनना है। इस हेतु इस अभियान को आमजन के सहयोग से "सकल राष्ट्रभक्त अजमेर" के बैनर तले अंजाम दिया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष सोनी ने अजमेर शहर की आम जनता एवं सभी स्वयंसेवी संस्थाओं सहित धार्मिक एवं राजनीतिक संस्थाओं के साथ क्षेत्र की विकास समितियों को भी आनासागर के प्रति अपने कृतज्ञता का भाव व्यक्त करने हेतु इस स्वच्छता अभियान में पुरानी चौपाटी स्थित आनासागर झील पर श्रमदान हेतु पहुंचना चाहिए। आज शुरू हुए श्रमदान अभियान में जिला कलेक्टर लोग बंधु सहित प्रशासन से जुड़े कई लोग और विभिन्न सामाजिक व्यापारिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए।
July 22, 2026
अजमेर न्यूज़: कांग्रेस की अजमेर दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी द्रोपदी कोली के नेतृत्व में कांग्रेस दक्षिण विधानसभा के सभी ब्लॉक अध्यक्ष मंडल अध्यक्ष, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम राजकीय महाविद्यालय चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर केंद्र सरकार और मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई ओर बीच चौराहे पर मोदी का पुतला जलाया गया। द्रौपदी कोली ने बताया कि जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले देश भर के अलग-अलग कोनों से आए हजारों युवा, छात्र-छात्राएं नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं लंबे समय से आंदोलन चल रहा है लेकिन सरकार उनकी मांग पर कोई सकारात्मक निर्णय लेने की बजाय दमनात्मक कार्यवाही पर उतर गई है। जिस तरह से प्रोटेस्ट कर रहे निहत्थे छात्र छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा बेरहमी से लाठी चार्ज कराया गया उन्हें पीटा गया, घसीटा गया और हिरासत में लिया गया हम इसकी घोर निंदा करते हैं और अब सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान का नहीं नरेंद्र मोदी और अमित शाह का भी इस्तीफा लेकर रहेंगे। जरूरत पड़ेगी तो हम भी दिल्ली कूच करेंगे।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: आना सागर को बचाने के अभियान को लेकर 23 जुलाई को 'अजमेर बंद', डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में निकला विशाल पैदल मार्च अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में 23 जुलाई को प्रस्तावित 'अजमेर बंद' को लेकर कांग्रेस का रुख बेहद आक्रामक हो गया है। डॉ. राजकुमार जयपाल ने प्रशासन और सत्ता पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐतिहासिक आना सागर झील में लगातार हजारों मछलियां मर रही हैं और उनसे उठ रही असहनीय दुर्गंध से पूरे अजमेर शहर के निवासियों का दम घुट रहा है। शहर में भयंकर संक्रमण और महामारी फैलने का सीधा खतरा मंडरा रहा है, जिससे बेकसूर लोगों की जान भी जा सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार लोग मूकदर्शक बने हुए हैं। आना सागर में डी-सिल्टिंग के नाम पर करोड़ों रुपये के ठेके बांटकर खुला महाघोटाला किया गया है और अब इस घपले पर पर्दा डालने के लिए 'श्रमदान' का ढोंग और नाटक रचा जा रहा है। अजमेर की जनता के स्वास्थ्य और जिंदगी के साथ किए जा रहे इस आपराधिक खिलवाड़ को अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जनता की इस जायज आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास किया गया, तो कांग्रेस उसका मुंहतोड़ जवाब देगी। इसी जनविरोधी रवैये और भ्रष्टाचार के खिलाफ आज शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में आगरा गेट से नया बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार होते हुए दिल्ली गेट तक एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान शहर के व्यापारियों और आमजन से 23 जुलाई के अजमेर बंद को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया गया। कांग्रेस के इस जन-आंदोलन को शहरभर से अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ, पूज्य पंचायत सब्जी मंडी ब्यावर रोड, अजमेर स्कूल वैन ऑनर्स संस्था (अध्यक्ष मुन मैसी) और अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त संघ (जिला शाखा अजमेर) राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन (कैलाश शर्मा), खाइलेंड मार्केट विकास समिति(संजीव खंडेलवाल)ने बंद को अपना पूर्ण और खुला समर्थन देने का ऐलान किया है। इस आंदोलन की अगली कड़ी में कल, दिनांक 22 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे कांग्रेस कार्यालय से अजमेर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो अजमेर की सोई हुई सरकार को जगाने का काम करेगी। बंद से अस्पताल एम्बुलेंस व दवाइयां की दुकानों को मुक्त रखा गया हे।कल निकलने वाली वाहन रैली का मार्ग किस प्रकार रहेगा ज्योतिबा फूले सर्किल से रीजनल कॉलेज,रामनगर, गंज नया बाजार ,मदार गेट, कैसरगंज, गवर्नमेंट कॉलेज,रामगंज ,मार्टिन ब्रिज से आदर्शनगर,परबतपुरा, रेलवे स्टेशन, कचहरी रोड, जिलाधीश कार्यालय से ज्योतिबा फूले सर्किल आज के इस पैदल मार्च में आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली, फखरे मोईन, महेंद्र चौधरी, मुकेश पंवार, शैलेंद्र अग्रवाल, चंदन सिंह, लक्ष्मी धौलखेड़िया, गजेंद्र रलावता, ईश्वर टहल्याणी, नितिन जैन, अमित गर्ग, नवीन कच्छावा, मनीष सैन, कौशल चित्तौड़िया, हेमराज खारोलिया, कुलदीप प्रजापति, शैलेश गुप्ता, ऋषभ मेघवंशी, सुनील कैन, चंद्रशेखर बालोटिया, प्रमोद शर्मा, सुनील धानका, अनिल खंडेलवाल, वासदेव चांदवानी, गुरुदत्त गौरा, चंद्रेश सुनिया, राजेश गोरा, नवाब भाई, रुस्तम घोसी, विशाल सिंह, सुरेंद्र गुर्जर और गीता गुर्जर सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर में काफ़ी दिन के लंबे सूखे के बाद मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह से रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही, जबकि दिन में भी कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से बनी उमस से लोगों को राहत मिली। लेकिन दोपहर होते-होते वापस उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। मंगलवार सुबह से हुई रिमझिम बारिश के बीच संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की ओपीडी में कैश काउंटर के पास अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को बंद करवा दिया और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को जांच के लिए बुलाया। अस्पताल उप अधीक्षक डॉ. अमित यादव ने बताया कि अस्पताल के सभी संभावित कमजोर स्थानों की पहचान कर मरम्मत कराई जाएगी, ताकि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गौरतलब है की जेएलएन अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में हर मानसून के दौरान किसी न किसी वार्ड या कमरों में छत का प्लास्टर गिरने की घटनाएं होती आ रही है।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: भाजपा ने कांग्रेस के चुनावी पासे को पलटा,शहर कांग्रेस ने आनासागर की दुर्दशा के खिलाफ 23 जुलाई को ’अजमेर बंद’ का आह्वान किया, जबकि भाजपा आनासागर की सफाई के लिए 22 जुलाई से त्रि दिवसीय सफाई अभियान शुरू करने का ऐलान किया। आगमी समय में होने वाले नगर निगम चुनाव को देखते हुए अपनी जमीन तैयार करने के लिए जहां कांग्रेस ने आनासागर झील की दुर्दशा को मोहरा बना करअजमेर बंद का पासा चला तो वहीं भाजपा सकारात्मक और रचनात्मक कार्य से इसका जवाब देने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस द्वारा आनासागर की दुर्दशा के नाम पर 23 जुलाई को आहूत ’अजमेर बंद’ का सीधा विरोध करने की बजाय भाजपा ने इसका जवाब रचनात्मक कार्य से देने का निर्णय लिया है। यदि भाजपा किसी भी तरह का विरोध करती है, तो यह निकट भविष्य में होने वाले नगर निगम चुनाव में उसके लिए ’’अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारना’’ होगा। संभवतः यही सोचकर भाजपा ने आनासागर में सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया होगा। कांग्रेस भी चाहती, तो ऐसा ही कर सकती थी और जितनी ताकत अजमेर बंद कराने में लगा रही है, उतनी ताकत आनासागर की सफाई की शुरूआत करने में लगाती, तो शायद शहरवासी भी सक्रियता से उसमें भागीदारी निभाते। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा मंगलवार को एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया गया कि अजमेर बंद करने से समस्या कल नहीं होगा बल्कि गरीब और मजदूर वर्ग के लिए समस्या और खड़ी होगी। शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि कोई भी शहर बंद कराया जाता है, तो जनता को काफी परेशानी होती है। ’’रोज कुआं खोदने-रोज पानी पीने’’ वालों के सामने ’’दो वक्त की रोटी’’ का संकट पैदा हो जाता है। शहर भाजपा की ओर से आनासागर झील की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए विशेष अभियान 22 जुलाई से 24 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस दौरान व्यापक स्तर पर श्रमदान से सफाई कार्य किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं तथा शहरवासी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान में आनासागर झील में जल स्तर कम होने के कारण मृत मछलियों की दुर्गंध एवं आनासागर झील में आए कचरे को साफ करना है। आनासागर झील की स्वच्छता, उसका संरक्षण अजमेर के नागरिक होने के नाते हमारा दायित्व है। भाजपानीत सरकार एवं संगठन इसके लिए प्रतिबद्ध होकर केवल इसको चुनावी मुद्दा नहीं बनाएंगे, बल्कि धरातल पर स्वयं के प्रयास एवं नागरिकों की सहभागिता से इसकी सफाई के लिए प्रतिबद्ध है।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर में कथा वाचक किरीट भाई सोमैया द्वारा जवाहर रंगमंच पर गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष में आयोजित कथा के बीच खाटूश्याम बाबा पर की गई तथ्यहीन टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद श्याम भक्त आक्रोशित होकर मानसिंह होटल पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर हंगामा करने लगे। विवाद बढ़ता देख होटल प्रशासन की सूचना पर कृष्ण गंज थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंच गया। काफी देर तक चले हंगामा के बाद श्याम प्रेमियों के प्रतिनिधिमंडल ने होटल के कमरे में किरीट भाई से बात की तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांग ली लेकिन श्याम भक्त इससे संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने बाहर आकर सभी श्याम प्रेमियों से सार्वजनिक माफी की मांग कर डाली। इसके बाद किरीट भाई ने होटल के बाहर सभी लोगों से माफी मांगी और अज्ञानतावश की गई गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग कर जयपुर के लिए निकल गए। उन्होंने यह भी कहा कि वह श्याम बाबा के दरबार में जाकर भी माफी मांगेंगे। दरअसल, मंगलवार को महंत किरीट अजमेर के जवाहर रंगमंच में कथा वाचन कर रहे थे। इस दौरान किरिट भाई ने खाटूश्याम बाबा पर अभद्र टिप्पणी की। इसके साथ कहा- मैं एक सदगुरु हूं और मेरा काम है सत्य की राह बताना। किरिट भाई ने कहा कि किसी की भावना को आहत करना और खंडन करना मेरी भावना नहीं है। न ही कभी होगी। किसी भी तरह से किसी को कोई ठेस पहुंचे, ऐसी कोई मंशा नहीं थी। किसी को दुख हुआ हो तो माफी चाहता हूं। अज्ञातवश कुछ मुंह से निकल गया तो भी माफ करें ।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: पुलिस महानिरीक्षक डॉ रवि और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला द्वारा अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाए जाने के निर्देशों की पालना करते हुए डीएसटी टीम प्रभारी शंकर सिंह और दरगाह थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दरगाह थाना क्षेत्र की मधु शाह गली में बंद कमरे पर देर रात छापा मार कर ताश पत्ती और छक्का दाना से जुआ सट्टा खेल रहे 27 जारी को गिरफ्तार कर लिया उनके कब्जे से 60 हजार रुपये नकद व जुआ-सट्टे का सामान जब्त किया गया।,देर रात 2 बजे तक चली कार्रवाई के बाद डीएसटी ने आरोपियों को दरगाह थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में जुआ सट्टा एक्ट में एफआईआर दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाही ओर जांच में जुटी है।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: एनएसयूआई छात्र संगठन के द्वारा जिला अध्यक्ष अंकित घारू के नेतृत्व में छात्रों ने बड़ी संख्या में आनासागर चौपाटी पहुंचकर एक अनोखा प्रदर्शन करते हुए झील की दुर्दशा के लिए जिला प्रशासन और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया और जल्द से जल्द झील के संरक्षण की मांग की। अंकित घारू ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष झील की दुर्दशा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं लेकिन ढाई साल से खुद की को सरकार है कोई काम नहीं किया है ।अब जब कांग्रेस झील की दुर्दशा के खिलाफ आवाज उठा रही है तो आ फानन में सफाई अभियान और श्रमदान का शगुफा छोड़कर लोगों को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अब जनता इनके चक्कर में आने वाली नहीं है जनता सब समझ चुकी है।हाथों में तखक्तियां लेकर छात्रों ने जिला प्रशासन और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की।
July 21, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विधायक विकास चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता ज्योतिबा फूले सर्किल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके पश्चात कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है तथा कांग्रेस पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा छात्रों के लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति के अधिकार का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए। प्रदर्शन में पूर्व आरटीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. द्रौपदी कोली, पूर्व विधायक नसीम अख्तर इंसाफ, महेंद्र सिंह रलावता,पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, महेंद्र चौधरी,भूपेंद्र राठौर, फखरे मोईन, गोपाल बाहेती,विवेक पाराशर, चंदन सिंह, लक्ष्मी धौलखेड़िया, शैलेंद्र अग्रवाल, ईश्वर टहलयानी, अमित गर्ग, हेमराज खारोलिया, गजेंद्र सिंह रलावता,सौरभ बजाड़, शैलेश गुप्ता, मनीष सैन, मुकेश पंवार, हरपाल छाबड़ा, परवेज खान, देवेंद्र चौधरी, सुरजीत कपूर, अनिल खंडेलवाल, मुस्तफा चिश्ती, समीर शर्मा, हरिप्रसाद जाटव, विक्की स्वासिया, दीनदयाल पंवार, सुमित मित्तल, चंद्रेश सुनिया, मोक्ष नोगिया सहित शहर एवं देहात कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
July 19, 2026
अजमेर न्यूज़: अजमेर, 19 जुलाई। बारिश के दिनों में शहर को जलभराव से बचाने के लिए एक्शन शुरू कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निर्देश पर नगर निगम ने 50-50 हॉर्स पावर क्षमता के तीन बड़े डीवाटरिंग पम्प खरीदे है। रविवार को सागर विहार कॉलोनी में इनका लोकार्पण किया गया। शहर के प्रभावित क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान यह पम्प लगातार काम कर आमजन को जलभराव से बचाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी सागर विहार कॉलोनी में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से स्थापित तीन डिवाटरिंग पम्प सेटों का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि प्रत्येक डिवाटरिंग पम्प सेट 50-50 हॉर्स पावर क्षमता का है तथा ये पम्प प्रति घंटे लगभग 4 लाख लीटर पानी निकासी करने में सक्षम हैं। एक डिवाटरिंग पम्प सेट में 12.50 हॉर्स पावर के चार-चार पम्प जनसेट के साथ स्थापित किए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक पम्प सेटों के संचालन से सागर विहार, वन विहार एवं गुलमोहर कॉलोनी जैसे जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में बरसात के दौरान पानी भरने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। यह व्यवस्था क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक राहत प्रदान करने वाला स्थायी समाधान सिद्ध होगी। श्री देवनानी ने कहा कि गुलमोहर कॉलोनी एवं पत्रिका कार्यालय के समीप से गुजरने वाले दोनों नालों को भी पक्का कराया गया है, जिससे तेज बारिश के दौरान पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहेगा और जलभराव की संभावना कम होगी। उन्होंने कहा कि सागर विहार क्षेत्र में समस्या के पूर्ण समाधान के लिए शीघ्र ही दो स्थायी डिवाटरिंग पम्प सेट भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए बालिका सैनिक स्कूल बनेगा। अजमेर शहर के कायाकल्प और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अजमेर के मुख्य एंट्रेंस पर विशेष आकर्षक लाइटिंग के साथ एन्ट्री प्लाजा गेट बन रहा है। अंबेडकर सर्किल तक 8 करोड़ रुपये की लागत से फव्वारे तथा घुमटियां लगाकर सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा। वरुण सागर झील का 250 करोड़ रुपये की राशि से इसका पुनरुद्धार व सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौरसियावास तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में नवाचार वृद्धि के लिए पंचशील में साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। साइंस पार्क में दिन में भी तारे देखने की प्लेनेटोरियम व्यवस्था होगी। अजयसर में बनने वाले लेपर्ड सफारी को भी जल्द शुरू किया जाएगा। युवाओं के रोजगार के लिए आईटी पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसमें 3 बड़ी कंपनियों को प्लॉट अलॉट किए जा चुके हैं। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि वर्षा के दौरान इस क्षेत्र में लम्बे समय से जलभराव रहता आया है, अब इसका स्थाई समाधान होगा। क्षेत्र की ड्रेनेज समस्या का भी समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर श्री राजकुमार लालवानी, श्री विक्रम सिंह, श्री जगदीश प्रसाद साहू, श्री सत्यनारायण, श्री मिलाप रांका, श्री नारायण, श्री गजेन्द्र शर्मा, नगर निगम की अधिशाषी अभियंता श्री लक्ष्मीनारायण शर्मा स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।