Post Views 01
November 21, 2026
पालरा सरपंच चुनाव में भारी धांधली और प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप:
जिला न्यायाधीश न्यायालय में चुनाव याचिका दायर, परिणाम निरस्त कर पुनः मतदान व मतगणना की मांग
अजमेर। पंचायत समिति बडल्या की ग्राम पंचायत पालरा में दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुए सरपंच पद के चुनाव और मतगणना में गंभीर अनियमितताओं, फर्जी मतदान एवं निर्वाचन अधिकारियों की खुली मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रार्थी/याचिकाकर्ता शायर सिंह पुत्र कम्मा (उम्र 36 वर्ष, जाति रावत, निवासी वार्ड सं. 3, ग्राम पालरा, पंचायत समिति बडल्या, न्यायालय जिला न्यायाधीश, अजमेर में चुनाव याचिका दायर की है। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 43 एवं राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम 80 व 81 के तहत दायर इस याचिका में निर्वाचित घोषित किए गए प्रत्याशी धर्मसिंह के निर्वाचन को अवैध घोषित करने, चुनाव परिणाम निरस्त करने और निष्पक्ष पुनः मतगणना या पुनः मतदान कराने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता की ओर से न्यायालय में पैरवी पूर्व लोक अभियोजक विवेक पाराशर, एडवोकेट जितेश धनवानी, एडवोकेट रोहन पाराशर व श्रुति वैष्णव ने की। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मतदान दिवस को धर्मसिंह व अन्य अप्रार्थीगण की मिलीभगत से जमकर धांधलेबाजी व फर्जी वोटिंग कराई गई, जिस बूथ पर फर्जी मतदान हुआ वहां जानबूझकर वीडियोग्राफी नहीं कराई गई, आर.ओ. ने फर्जी वोटिंग की आपत्तियों को मौखिक रूप से खारिज कर दिया, धर्मसिंह व समर्थकों ने परिणाम से पहले ही फर्जी वोटों का हवाला देकर जीत का ऐलान कर दिया, धर्मसिंह व उनके समर्थकों/एजेंटों को मतदान केंद्र के अंदर व 200 मीटर की परिधि में प्रचार की खुली छूट दी गई जबकि याचिकाकर्ता व अन्य प्रत्याशियों/एजेंटों को बाहर निकाला गया, दृष्टिबाधित/बुजुर्ग/दिव्यांग मतदाताओं के साथ परिजनों को जाने से रोककर निर्वाचन टीम ने स्वयं धर्मसिंह के पक्ष में मोहर लगाकर मतदान प्रक्रिया दूषित की, मतपेटियों की सील व सुरक्षा में लापरवाही बरतते हुए कमरा प्रॉपर लॉक नहीं किया गया, खिड़की की जाली में तीन छेद पाए गए, बिना पूर्व सूचना मतपेटियों का स्थानांतरण किया गया, मतगणना के दौरान प्रत्याशियों व एजेंटों को बैलेट पेपर से 10-12 फीट दूर बैठाया गया, कमरा सं. 3 व 5 की पेटियों को एक साथ खाली कर बिना बूथ-वार गणना किए 50-50 के बंडल बनाए गए, धर्मसिंह के बंडल में 40 मत होने पर भी 50 गिने गए व अन्य प्रत्याशियों के मत उनके बंडलों में डाले गए, गणना कर्मचारी बार-बार बाहर आते-जाते रहे, सीसीटीवी फुटेज व पुनः मतगणना के अनुरोध को खारिज किया गया, आर.ओ. व निर्वाचन टीम के मोबाइल कॉल डिटेल की जांच योग्य है तथा परिणाम घोषणा के बाद आर.ओ. व निर्वाचन टीम द्वारा धर्मसिंह को माला व साफा पहनाकर स्वागत करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। याचिका में राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम 70 से 80 के उल्लंघन का हवाला देते हुए दिनांक 30.10.2026 के चुनाव परिणाम को निरस्त करने, धर्मसिंह का निर्वाचन अवैध घोषित करने, मतगणना दिवस व स्ट्रांग रूम/जांच के समय की संपूर्ण वीडियो रिकॉर्डिंग व सीसीटीवी फुटेज तलब करने, उपयोग किए गए मतपत्रों के सीरियल नंबरों का मिलान कराने तथा पुनः निष्पक्ष मतगणना अथवा पुनः चुनाव कराने के आदेश पारित करने की मांग की गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved