Post Views 11
November 16, 2026
अजमेर में बुजुर्ग के साथ एटीएम कार्ड बदलकर 19 हजार की ठगी, मदद का झांसा देकर दो युवकों ने उड़ाई रकम,मामला दर्ज
अजमेर शहर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर बुजुर्ग के बैंक खाते से 19 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने मदद करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वैशाली नगर निवासी 74 वर्षीय जुगल किशोर जाजू 15 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे सावित्री चौराहा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक एटीएम बूथ में आए और बुजुर्ग से कहा कि उनका कार्ड मशीन में अटक गया है। पिन डालने पर कार्ड बाहर निकल जाएगा। उनकी बातों में आकर बुजुर्ग ने पिन नंबर डाल दिया। इसी दौरान एक युवक ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया और दोनों मौके से रवाना हो गए। कुछ ही देर बाद बुजुर्ग के मोबाइल पर खाते से 9 हजार और 10 हजार रुपये निकलने के मैसेज आए। अपना कार्ड चेक करने पर उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित की रिपोर्ट पर सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई मनीराम को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved