Post Views 01
November 16, 2026
अजमेर के युवा कराटे खिलाड़ी हर्षित अग्रवाल का कमाल, साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
12 साल की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद हासिल की बड़ी सफलता, कॉमनवेल्थ गेम्स तक का सफर तय करने वाले हर्षित ने देश और प्रदेश का नाम किया रोशन।
खेल जगत में देश का नाम रोशन करने वाले युवाओं की फेरहिस्ट में अजमेर के एक और होनहार युवा का नाम जुड़ गया है। अजमेर के युवा कराटे खिलाड़ी हर्षित अग्रवाल ने साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे अजमेर में खुशी की लहर है।
हर्षित अग्रवाल पिछले 12 वर्षों से कराटे के खेल से जुड़े हुए हैं। महज़ बचपन से ही खेल की शुरुआत करने वाले 21-22 वर्ष के हर्षित ने अपने मजबूत संकल्प और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स का अनुभव: हर्षित साल 2022 में यूके में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जहाँ वे ब्रॉन्ज मेडल की फाइट में बेहद करीब आकर बाहर हो गए थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी ट्रेनिंग और अधिक मजबूत की।
विशेष मार्गदर्शन: हर्षित अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच मनोज कुमार, विकास शर्मा, सुनील राठी और भरत यादव को देते हैं, जिनके सानिध्य में वे निरंतर कठिन अभ्यास कर रहे हैं।
हर्षित बताते हैं कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब अजमेर में कोई पेशेवर सुविधा नहीं थी और वे पार्कों व ग्राउंड्स में ट्रेनिंग करते थे।
साउरी मार्शल आर्ट्स अकादमी: साल 2023 में साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद, उनके परिवार के सहयोग से अजमेर में 'साउरी मार्शल आर्ट्स' नाम से एक अकादमी की शुरुआत की गई, जिसे उनके भाई सुमित अग्रवाल संभालते हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा: आज इस अकादमी से प्रशिक्षण पाकर अजमेर के बच्चे स्टेट और नेशनल लेवल पर मेडल जीत रहे हैं। हर्षित का भविष्य में लक्ष्य भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए और अधिक पदक जीतना है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved