For News (24x7) : 9829070307
RNI NO : RAJBIL/2013/50688
Visitors - 176738497
Horizon Hind facebook Horizon Hind Twitter Horizon Hind Youtube Horizon Hind Instagram Horizon Hind Linkedin
Breaking News
Ajmer Breaking News: अजमेर 815 वे उर्स में स्पेशल ट्रेन चलाने का मुतालबा |  Ajmer Breaking News: पहाड़गंज गुर्जर मोहल्ला में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान की छत की पट्टियां गिरने से कमरे में सो रहे मकान मालिक की दबने की खबर, पुलिस मौके पर मौजूद। |  Ajmer Breaking News: पुष्कर पशु मेले में परवान चढ़ी रौनक: 5-5 करोड़ के घोड़े बने आकर्षण का केंद्र, पर पशुपालकों की चुनौतियां और विदेशी पर्यटकों की कमी बरकरार |  Ajmer Breaking News: अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में रेत से उकेरा गया राजस्थान का गौरव, 51 फीट ऊंची भगवान देवनारायण की कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र |  Ajmer Breaking News: पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137 वीं जयंती पर पुष्पांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन |  Ajmer Breaking News: गले के कैंसर की मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया क्षेत्रपाल हॉस्पिटल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप |  Ajmer Breaking News: अजमेर: पुष्कर मेले से पहले आरपीएफ/जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, चेतक एक्सप्रेस ट्रेन से 10 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा बरामद |  Ajmer Breaking News: विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर निःशुल्क डायबिटीज मेला व ओबेसिटी मैनेजमेन्ट परामर्श शिविर सम्पन्न, डायबिटीज टाईप 1 के बच्चों ने नृत्य के साथ बनाई ड्राईग   |  Ajmer Breaking News: अजमेर के नया बाजार में चोरों का आतंक: गांधी पान कॉर्नर के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और सिगरेट चोरी, पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल |  Ajmer Breaking News: जमेर: दरगाह क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी पति-पत्नी दस्तयाब, स्पेशल टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई; तीन नाबालिग बच्चे भी साथ! | 

अजमेर न्यूज़: पुष्कर पशु मेले में परवान चढ़ी रौनक: 5-5 करोड़ के घोड़े बने आकर्षण का केंद्र, पर पशुपालकों की चुनौतियां और विदेशी पर्यटकों की कमी बरकरार

Post Views 01

November 14, 2026

पुष्कर पशु मेले में परवान चढ़ी रौनक: 5-5 करोड़ के घोड़े बने आकर्षण का केंद्र, पर पशुपालकों की चुनौतियां और विदेशी पर्यटकों की कमी बरकरार
​​​​​​​राजस्थान की लोक संस्कृति, रेतीले धोरों पर ऊंटों की कतारें और करोड़ों रुपए के बेशकीमती पशुओं के साथ अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला 2026 की रौनक अब परवान चढ़ने लगी है। श्री पुष्कर पशु मेला चौकी संभाग की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार 13 नवंबर तक मेले में कुल 1475 पशुओं की आवक दर्ज हो चुकी है, जिनमें 812 अश्ववंश, 661 उष्ट्रवंश (ऊंट) और दो भैंसवंश के पशु शामिल हैं। अकेले 13 नवंबर को ही 630 नए पशु मेला मैदान में पहुंचे। कुल पशुओं में 939 राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से और 536 अन्य राज्यों से आए हैं, जिनमें विशेष रूप से बाहरी राज्यों से 535 घोड़े शामिल हैं, जबकि सभी 661 ऊंट प्रदेश के भीतर से ही आए हैं। मेला मैदान में महाराष्ट्र के जालना से लाए गए मारवाड़ी नस्ल के दो घोड़े 'आरडीएक्स' और 'एलेक्स' दर्शकों के बीच मुख्य आकर्षण बने हुए हैं। साढ़े छह साल के 68.5 इंच ऊंचे 'आरडीएक्स' और दस साल के 65 इंच ऊंचे 'एलेक्स' के मालिक माजिद सौदागर ने दोनों की कीमत पांच-पांच करोड़ रुपए यानी कुल दस करोड़ रुपए रखी है। इसके अलावा हरियाणा से कुलदीप सिंह द्वारा लाया गया सवा तीन साल का मुर्रा नस्ल का भैंसा 'मोती' भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है। ढाई सौ किलो से अधिक वजन वाले इस भैंसे की मांग 25 लाख रुपए रखी गई है। मालिक कुलदीप सिंह ने महंगे पशुओं को काजू-बादाम खिलाने की प्रचलित धारणा को खारिज करते हुए बताया कि मोती को सामान्य पशुचारा ही दिया जाता है, जिस पर रोजाना करीब 150 रुपए का खर्च आता है। मेले की इस चमक-दमक के बीच पशुपालकों की व्यावहारिक समस्याएं और आर्थिक चिंताएं भी सामने आ रही हैं। पुष्कर के स्थानीय अश्वपालक आशु पंडित ने इस आयोजन को देशभर के घोड़ा पालकों का महाकुंभ बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय होटल, धर्मशालाओं और बाजारों को बड़ा आर्थिक संबल मिलता है, लेकिन प्रशासन को पशुपालकों के ठहरने और पशुओं की देखभाल से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। वहीं, डेगाना से आए ऊंटपालक चेनाराम का कहना है कि इस बार ऊंटों की संख्या तो अच्छी है, लेकिन खरीददारों का अपेक्षित उत्साह नजर नहीं आ रहा है। आने-जाने, ठहरने और चारे पर प्रति पशु पांच से सात हजार रुपए का अतिरिक्त खर्च हो रहा है, ऐसे में उचित दाम पर बिक्री न होने से पशुपालकों को नुकसान का डर सता रहा है। पशुपालन विभाग के मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार के अनुसार विभाग ने मेले की तैयारियां पांच-छह महीने पहले ही शुरू कर दी थीं और अब करीब 280 अधिकारी व कर्मचारी व्यवस्था संभाल रहे हैं। मेले में प्रवेश के साथ ही पशुपालक का विवरण दर्ज कर 'खूंटा चिट्ठी' जारी की जा रही है। पशुओं के उपचार के लिए मोबाइल चिकित्सा टीमें और उपचार चौकियां सक्रिय हैं, साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रयोगशाला टीम द्वारा पशुओं के रक्त और मल के नमूने लेकर जांच की जा रही है। इसके अलावा ऊंटपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से इस बार ऊंटनी दुग्ध दोहन प्रतियोगिता में दूध की मात्रा के साथ स्वच्छता और पशु स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि ऊंटनी के दूध को बड़ा बाजार मिल सके। पर्यटन के मोर्चे पर मेले की दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। इजराइल से विशेष रूप से मेला देखने आए पर्यटक दंपती योराम और पाम ने पुष्कर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सुंदरता के साथ स्थानीय आतिथ्य की जमकर सराहना की है। दूसरी ओर, स्थानीय टूरिस्ट गाइड शंभू सिंह राठौड़ का दावा है कि सड़कों और व्यवस्थाओं में सुधार के बावजूद पिछले दो-तीन वर्षों की तुलना में विदेशी पर्यटकों की संख्या लगभग एक चौथाई ही रह गई है, जिसके पीछे अंतरराष्ट्रीय संघर्षों और हवाई यात्रा के प्रभाव को कारण माना जा रहा है। हालांकि घरेलू पर्यटकों की आवक अच्छी है और प्रशासन के सामने अब पशुपालकों की सुविधाओं, पशु कल्याण और पर्यटन के बीच बेहतर संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती है। आगामी 17 नवंबर से मेले में औपचारिक सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों का आगाज होने जा रहा है, जो 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान और महाआरती के साथ संपन्न होगा। इस दौरान 17 नवंबर को ध्वजारोहण, मांडणा प्रतियोगिता व दीपदान, 18 नवंबर को ऊंट सजावट व ऊंट नृत्य, 19 नवंबर को घोड़ा नृत्य व लोक नृत्य उत्सव, 20 नवंबर को आध्यात्मिक पदयात्रा, शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल व कबीर कैफे की प्रस्तुति, 21 नवंबर को साफा व मूंछ प्रतियोगिता तथा पद्मश्री अनवर खान और गुलाबो की 'बेस्ट ऑफ राजस्थान' प्रस्तुति होगी। इसके बाद 22 नवंबर को मटका दौड़ व गायक अमित मिश्रा की बॉलीवुड नाइट, 23 नवंबर को 'लगान' शैली का क्रिकेट मैच व स्वरूप खान का कार्यक्रम तथा 24 नवंबर को समापन समारोह और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य आयोजन का समापन होगा।


© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved