Post Views 01
November 14, 2026
गले के कैंसर की मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया क्षेत्रपाल हॉस्पिटल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
क्षेत्रपाल हॉस्पिटल में गले के कैंसर से पीड़ित एक महिला की इलाज के दौरान अचानक मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल में भारी हंगामा हुआ और परिजनों ने डॉक्टरों तथा अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। किशनगढ़ निवासी 59 वर्षीय सुमित्रा देवी गले और सांस-आहार नली के जंक्शन पर कैंसर से पीड़ित थीं। खाने की चीजें सांस की नली में जाने और फेफड़ों को खराब होने से बचाने के लिए उनका ट्रेकियोस्टोमी प्रोसीजर किया गया था। देर रात तक महिला ठीक थीं, लेकिन अचानक उन्हें सांस लेने में गंभीर दिक्कत महसूस हुई। कार्डियक अरेस्ट और आपातकालीन प्रयास: सांस की तकलीफ बढ़ने पर जब स्थिति की जांच की जा रही थी, तभी मरीज को कार्डियक अरेस्ट आ गया। उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया और 'कोड ब्लू' (Code Blue) प्रोटोकॉल के तहत एनेस्थेटिस्ट्स द्वारा सेकंड्स में पहुंचकर सीपीआर (CPR) दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी, उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे थे और उन्हें मरीज के पास भी नहीं जाने दिया गया। अस्पताल प्रशासन का पक्ष: क्षेत्रपाल हॉस्पिटल के मेडिकल सर्जन डॉ प्रकाश चौधरी का कहना है कि सभी मेडिकल उपकरण पूरी तरह से ठीक थे और उनमें कोई खराबी नहीं थी। 'कोड ब्लू' प्रोटोकॉल के तहत क्वालिफाइड एनेस्थेटिस्ट कुछ ही सेकंड के भीतर मौके पर पहुंच गए थे। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल टीम की तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। परिवार के सदस्य दुःख और वेदना में हैं, इसलिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं। दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने पोस्टमार्टम कराने की पेशकश की है, ताकि कानूनी कार्रवाई या जांच स्पष्ट हो सके। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने हर तरह की जांच और पोस्टमार्टम के लिए अपनी सहमति दे दी है। अब यह देखना होगा कि आगे की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के असली कारणों को लेकर क्या खुलासा होता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved