Post Views 01
November 14, 2026
पेट्रोल डालकर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी 50 घंटे में गिरफ्तार | रेनवाल पुलिस की बड़ी सफलता, 400 किलोमीटर पीछा कर हरियाणा के बहादुरगढ़ से दबोचे आरोपी
रेनवाल (जयपुर) शराब नहीं देने की बात को लेकर हुई रंजिश ने एक गंभीर और खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। शराब गोदाम में कार्यरत कर्मचारी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में रेनवाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को महज 50 घंटे में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने करीब 400 किलोमीटर तक पीछा कर दोनों आरोपियों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से डिटेन किया। पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को परिवादी विजय सिंह सोनी (19), निवासी हरसोली ने रेनवाल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार किशनगढ़ रेनवाल के करड़ रोड स्थित शराब गोदाम पर वह कैलाश सिंह के साथ कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। घटना से दो-तीन दिन पहले कुछ युवक गोदाम पर आए और कैलाश सिंह से शराब देने के लिए दबाव बनाने लगे। शराब देने से मना करने पर आरोपियों ने उसे दो दिन में सबक सिखाने की धमकी दी थी। आरोप है कि 10 नवंबर को आरोपी पेट्रोल से भरी बोतल लेकर मोटरसाइकिल से शराब गोदाम पहुंचे। एक आरोपी मोटरसाइकिल पर बैठा रहा, जबकि अन्य दो ने चैनल गेट के बाहर से पेट्रोल से भरी बोतल अंदर फेंककर माचिस से आग लगा दी। इस घटना में कर्मचारी कैलाश सिंह का शरीर करीब 80 प्रतिशत झुलस गया। उसे उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 400 किलोमीटर पीछा कर हरियाणा से पकड़े मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नीरज पाठक एवं वृत्ताधिकारी जोबनेर पन्नालाल जांगिड़ के सुपरविजन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। थानाधिकारी रेनवाल राजेंद्र कुमार पुलिस निरीक्षक तथा डीएसटी प्रभारी सुहेल खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए 12 नवंबर को हरियाणा के बहादुरगढ़ से दोनों वांछित आरोपियों सुरजीत सिंह शेखावत उर्फ राहुल उर्फ रॉकी (24) एवं योगेंद्र सिंह शेखावत उर्फ रवि (20), निवासी ड्योढ्या रामसिंहपुरा, थाना रेनवाल को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने दीपावली के दिन शराब नहीं देने की रंजिश के चलते पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की बात स्वीकार की। मामले में शामिल अन्य आरोपी किशनलाल की तलाश जारी है। रेनवाल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर वारदात के आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved