Post Views 51
September 26, 2026
अजमेर डेयरी में विशिष्ट अतिथियों ने किया प्लांट का भ्रमण: चेयरमैन रामचन्द्र चौधरी ने साझा की डेयरी की आधुनिक कार्यप्रणाली व उपलब्धियाँ
अजमेर:
सहकारिता के क्षेत्र में अपनी आधुनिक व्यवस्थाओं और उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए देश-विदेश में विख्यात अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (अजमेर डेयरी) परिसर में आज राजनीतिक और सामाजिक जगत के कई प्रतिष्ठित विशिष्ट अतिथियों ने पहुंचकर डेयरी का अवलोकन किया। इस अवसर पर डेयरी परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का पारंपरिक रूप से गर्मजोशी के साथ आत्मीय स्वागत-सत्कार किया गया। भ्रमण की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अजमेर डेयरी के चेयरमैन श्री रामचन्द्र चौधरी ने सभी मेहमानों को डेयरी परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया। इस दौरान चेयरमैन श्री रामचन्द्र चौधरी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान की सह प्रभारी सुश्री पूनम पासवान जी को शॉल ओढ़ाकर तथा अजमेर डेयरी का स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया। इसी गरिमामयी दौरे में उनके साथ पीसीसी सचिव, राजस्थान श्रीमती अर्चना सुराणा, अजमेर देहात महिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा चौधरी, अजमेर महिला शहर कांग्रेस की सदस्य श्रीमती जीनत खान तथा खानपुरा, अजमेर के वार्ड 33 के पार्षद श्री इकरामुद्दीन उर्फ बाबू भाई,वार्ड नंबर 32 पार्षद श्रीमती खुशनुमा परवीन जी, वार्ड नंबर 32 पूर्व पार्षद श्री आरिफ खान जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान चेयरमैन श्री रामचन्द्र चौधरी ने सभी अतिथियों को डेयरी के विशाल प्लांट, दूध प्रसंस्करण इकाइयों, अत्याधुनिक स्वचालित मशीनरी, पैकेजिंग और गुणवत्ता नियंत्रण प्रणालियों की बारीकी से जानकारी दी। उन्होंने अतिथियों को बताया कि कैसे अजमेर डेयरी सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के हित में कार्य कर रही है, साथ ही उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले पशु आहार, चारा बीज और डेयरी की नवीन विकासात्मक योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
डेयरी की इन उन्नत तकनीकों, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन का अनुभव प्राप्त कर सभी अतिथियों ने अजमेर डेयरी की कार्यप्रणाली की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अतिथियों ने कहा कि अजमेर डेयरी किसानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अनूठा और प्रेरणादायक कार्य कर रही है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, डेयरी प्रबंधन के अधिकारी और कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिससे पूरा कार्यक्रम अत्यंत सफल और यादगार रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved