Post Views 01
September 26, 2026
जेएलएन अस्पताल में पहली बार हुआ जटिल कैरोटिड आर्टरी का ऑपरेशन, लकवे से पीड़ित महिला को मिली नई उम्मीद।
अजमेर। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के CTVS विभाग में एक जटिल और महत्वपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। थांवला, नागौर निवासी 38 वर्षीय महिला श्रीमती मुख्या देवी को करीब तीन महीने पहले CVA यानी लकवा हुआ था। इसके चलते उनके दाहिने हाथ-पैर में पैरालिसिस हो गया था, वहीं सिर के बाएं हिस्से में लगातार दर्द की शिकायत थी।
मरीज को 27 अगस्त 2026 को CTVS विभाग में भर्ती किया गया। जांच के दौरान उनकी Left Carotid Artery और Internal Carotid Artery में ब्लॉकेज पाया गया। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने 16 सितंबर को Left Carotid Endarterectomy with Patch Plasty ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान कैरोटिड और इंटरनल कैरोटिड आर्टरी में जमा ब्लॉकेज यानी Plaque को हटाकर Patch Plasty की गई।
चिकित्सकों के अनुसार इस तरह की सर्जरी बेहद जटिल होती है और इसमें कोमा, पैरालिसिस बढ़ने, Plaque के खिसकने तथा जान जाने जैसे गंभीर जोखिम बने रहते हैं। ऑपरेशन के बाद मरीज को ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया और चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी रखा गया।
सफल उपचार के बाद अब मरीज की हालत में लगातार सुधार देखा जा रहा है। सिर के बाएं हिस्से का दर्द पूरी तरह समाप्त हो गया है, जबकि दाहिने हाथ-पैर में भी मूवमेंट शुरू हो गई है और धीरे-धीरे सुधार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक मरीज अब स्वस्थ है और डिस्चार्ज के लिए योग्य है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार JLN Hospital में इस प्रकार की कैरोटिड एंडारटरेक्टॉमी सर्जरी पहली बार की गई है। ऑपरेशन टीम में डॉ. तेजकरण सैनी के साथ डॉ. इतेश नाटाणी, सर्जरी रेजीडेंट, एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. कुशांक शर्मा एवं उनकी टीम तथा CTVS OT स्टाफ से जयंत जी और नारायण जी शामिल रहे।
मरीज के सफल उपचार में ICU स्टाफ की मेहनत और कार्यकुशलता की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह ऑपरेशन मां योजना के अंतर्गत निशुल्क किया गया। ऑपरेशन को सफल बनाने में अस्पताल के प्रिंसिपल एवं अधीक्षक का भी सराहनीय योगदान रहा।जटिल सर्जरी के सफल परिणाम से मरीज और परिजनों में खुशी का माहौल है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved