Post Views 01
September 25, 2026
राजनीतिक कार्यक्रम में नगर निगम कर्मचारियों की ड्यूटी क्यों? सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल का आरोप-डॉ. राजकुमार जयपाल
24 सितंबर के निगम आदेश में 12 बसों की व्यवस्था के लिए 14 कर्मचारियों की ड्यूटी, दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रम में लाभार्थियों को जयपुर ले जाने के निर्देश
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की जानकारी मीडिया के सामने रखी। उन्होंने 25 सितंबर को जयपुर के दादिया में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रम एवं निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन के लिए अजमेर नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने पर सवाल उठाए हैं। डॉ. जयपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सरकारी मशीनरी और नगर निगम के संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर निगम के 24 सितंबर 2026 के कार्यालय आदेश के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अजमेर से लाभार्थियों को 12 बसों के माध्यम से जयपुर ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 14 नगर निगम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आदेश में कर्मचारियों को 25 सितंबर को सुबह 7 बजे निर्धारित बस स्टॉप पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. जयपाल ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों का प्राथमिक दायित्व अजमेर की सफाई, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को सुचारू रखना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को शहर से बाहर की व्यवस्था में लगाने से अजमेर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि कर्मचारियों को किस प्रशासनिक आवश्यकता के तहत लगाया गया और बसों सहित पूरी व्यवस्था का खर्च किस मद से किया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों से राजनीतिक कार्यक्रम की व्यवस्था पर सवाल डॉ. जयपाल ने कहा कि यदि दीनदयाल उपाध्याय जयंती का यह कार्यक्रम भाजपा के सगठनात्मक अथवा राजनीतिक आयोजन के रूप में किया जा रहा है, तो उसकी व्यवस्थाओं के लिए पार्टी को अपने स्तर पर संसाधन जुटाने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि सरकारी कर्मचारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में लगाने का आदेश किस आधार पर जारी किया गया। उन्होंने मांग की कि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर सार्वजनिक करे कि कितने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई, उन्हें किस आदेश के तहत लगाया गया, परिवहन व्यवस्था का खर्च कौन वहन कर रहा है और उनकी अनुपस्थिति में अजमेर की सफाई व्यवस्था के लिए क्या वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। 'जनता के धन और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी' डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि जनता के धन से संचालित नगर निगम के संसाधनों का भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यदि जांच में सरकारी मशीनरी या जनता के धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि अजमेर में कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जनता से जुड़े हर मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी और जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधन जनता की सेवा के लिए है और उनका उपयोग पारदर्शी तरीके से निर्धारित प्रशासनिक उद्देश्यों के लिए ही होना चाहिए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved