Post Views 01
September 26, 2026
शादी का डिजिटल कार्ड खोलना पड़ा भारी: मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़े ₹2.59 लाख, पुलिस जांच में जुटी
डिजिटल युग में साइबर ठगों ने लोगों को चूना लगाने के नए-नए तरीके ढूंढ लिए हैं। अजमेर की ज्ञान विहार कॉलोनी में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी के निमंत्रण पत्र के नाम पर आए एक फर्जी मैसेज पर क्लिक करते ही एक व्यक्ति के खाते से 2 लाख 59 हजार रुपये पार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सहायक उपनिरीक्षक पुलिस थाना हरिभाऊ उपाध्याय नगर जयलाल ने बताया कि मामला 24 सितंबर 2026 का है। अजमेर की ज्ञान विहार कॉलोनी के निवासी सत्यनारायण बंसल के मोबाइल पर शादी का एक डिजिटल कार्ड/लिंक प्राप्त हुआ था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक/कार्ड को खोलने की कोशिश की, साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी और 2,59,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जयपुर साइबर पोर्टल से मिली जीरो नंबरी शिकायत के आधार पर 25 सितंबर को हरिभाऊ उपाध्याय नगर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर धारा 318(4) (BNS) तथा 66C आईटी एक्ट के तहत अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस प्रशासन आम जनता से लगातार अपील कर रहा है कि व्हाट्सएप या मैसेज पर आने वाले किसी भी अज्ञात लिंक या शादी के कार्ड/APK फाइल को बिना जांचे-परखे न खोलें। सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचित करें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved