Post Views 51
September 26, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर । शहर में गौ मांस की तस्करी की सूचना से हड़कंप मच गया। सवीना थाना क्षेत्र के डाकन कोटड़ा टोल नाके के पास गौ रक्षा दल के सदस्यों ने एक एयर कंडीशन कंटेनर को रुकवाया और उसमें गौ मांस होने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान गौ रक्षा दल के सदस्यों और थानाधिकारी के बीच तीखी बहस हो गई। गौ रक्षकों ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर चालक से दस्तावेज मांगे गए तो उसमें एक इंटरनेशनल एक्सपोर्ट कंपनी का बफेलो मीट होना बताया गया। हालांकि, गौ रक्षा दल की मांग पर एफएसएल और पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।टीम ने कंटेनर में मौजूद मांस के सैंपल लिए हैं। अब जांच रिपोर्ट से ही साफ होगा कि कंटेनर में आखिर किस जानवर का मांस था।
वहीं, गौ रक्षा दल के हार्दिक मेनारिया ने आरोप लगाया कि उन्हें कंटेनर में गौ मांस की सप्लाई की सूचना मिली थी और चालक द्वारा दिखाए गए दस्तावेज फर्जी हैं। उन्होंने मामले की फोरेंसिक और अन्य जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और रिपोर्ट का इंतजार है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved