Post Views 01
September 8, 2026
अजमेर: सावित्री चौराहे पर फूटी पेयजल की मुख्य पाइपलाइन, सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी
एक तरफ 60 घंटे में आ रहा पानी, दूसरी तरफ सड़क पर फूट रहे फव्वारे
जागरूक राहगीर ने पत्थर लगाकर रोका पानी का बहाव, प्रशासन से की जल्द सुधार की मांग
अजमेर शहर में पेयजल संकट किसी से छिपा नहीं है। शहरवासियों को 48 से 60-60 घंटों के अंतराल में पीने का पानी नसीब हो रहा है। लेकिन जलदाय विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि सावित्री चौराहे के पास मुख्य पाइपलाइन टूट गई और हजारों लीटर शुद्ध पानी सड़क पर फव्वारे की तरह बह गया। प्रशासन तो बेखबर रहा, लेकिन एक जागरूक राहगीर ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पत्थर लगाकर पानी का बहाव मोड़ने की कोशिश की।
अजमेर के सावित्री चौराहे के पास आज उस वक्त एक बड़ी लापरवाही देखने को मिली, जब कॉलोनियों में पानी सप्लाई करने वाली एक बड़ी पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन फूटने से सड़क पर फव्वारे छूटने लगे और हजारों लीटर पानी व्यर्थ ही सड़क पर बहने लगा। अपनी बच्ची को स्कूल से लेने जा रहे जितेंद्र नाथ नामक एक राहगीर की नजर जब इस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत वहां एक बड़ा पत्थर (भाटा) लगाकर पानी के फव्वारे को दबाने की कोशिश की, ताकि राहगीरों को परेशानी न हो।
जितेंद्र नाथ ने बताया कि मैं अभी सावित्री चौराहे से गुजर रहा था। तो मैंने देखा कि यहाँ रोड पर पानी बह रहा था पास जाकर देखा तो पाइपलाइन टूट गई थी इस पाइपलाइन से कॉलोनी वासियों को पेयजल सप्लाई होता है। मेरा निवेदन है कि जलदाय विभाग इस पाइपलाइन को जल्द से जल्द ठीक कराएं... ताकि पब्लिक को पूरा पानी समय पर मिल पाए।
जितेंद्र नाथ की इस सजगता से सड़क पर चलने वाले लोगों को तो थोड़ी राहत मिली, लेकिन जलदाय विभाग की देखरेख व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ा सवाल यह है कि जिस शहर की जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसती है और कई-कई दिनों तक इंतजार करती है, वहां विभाग इस तरह हजारों लीटर पानी की बर्बादी कैसे होने दे सकता है? अब देखना यह है कि प्रशासन इस पाइपलाइन की मरम्मत कब तक करवाता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved