Post Views 41
September 7, 2026
इंस्टाग्राम पर पार्सल का झांसा देकर महिला से 1.38 लाख रुपये की साइबर ठगी, मामला दर्ज,झूलेलाल कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता से किस्तों में ऐंठे गए रुपये,
गंज थाना अंतर्गत झूलेलाल कॉलोनी निवासी एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठगों ने मुंबई एयरपोर्ट से पार्सल आने का झांसा देकर पीड़िता से अलग-अलग किस्तों में करीब 1 लाख 38 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गंज थाने के एएसआई गिरिजा शंकर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि झूलेलाल कॉलोनी निवासी परिवादिया श्रीमती पूजा रेगर (पत्नी बलदेव) ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 26 अगस्त को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात मैसेज आया, जिसमें मुंबई एयरपोर्ट से उनके नाम पर एक पार्सल बुक होने की बात कही गई। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर पार्सल छुड़ाने और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर पैसों की मांग की जाने लगी। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़िता ने पहले15,000 रुपये, फिर 55,000 रुपये और तीसरी बार 18,000 रुपये सहित विभिन्न किस्तों में कुल 1,38,000 रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बार-बार पैसे मांगे जाने के बावजूद जब पार्सल नहीं पहुंचा, तब महिला को खुद के साथ साइबर फ्रॉड होने का अहसास हुआ।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण संख्या 224/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की डिटेल्स जुटाकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved