Post Views 01
September 6, 2026
अजमेर में नगर निगम चुनाव के लिए 11 सितंबर को होने मतदान से पूर्व अब राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार अब चरम पर पहुंच चुका है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत झोंकते दिखाई दे रहे हैं।
निगम चुनाव के दौरान रविवार को सत्तारूढ़ भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोटर को आकृषित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड़ शो किया।
प्लाज़ा सिनेमा रोड से शुरू हुए रोड शो में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल भी सीएम के साथ ओपन जीप में मौजूद रहे गांधी भवन पर रोड शो का समापन हुआ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार है और तीसरा इंजन जुड़ेगा तो जरूर फायदा होगा। ये जो जनता का सैलाब दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह राजस्थान का विकास हुआ है, ये उसी का विश्वास है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांधी भवन पर कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि जब युवाओं को चार लाख नौकरी देने की घोषणा की तो कांग्रेसियों ने कहा कि नौकरी नहीं दे सकते। तो विधानसभा में हमने कहा था कि डायरी पैन रखिए, नहीं हो तो भिजवा देंगे। हमने नौकरियां दी है। आगे भी देंगे। कांग्रेस में कईं नेता ऐसे है, जो गणित में कमजोर है। कहीं ऐसे जादूगर है, जिनको अपने समय का भ्रष्टाचार नहीं दिखता। जो सलाह देने चले है, वे अपनी सलाह अपने पास रखे। उनकी सलाह की कोई जरूरत नहीं। कईं तो ऐसे है, जो बैंड है। उनका बैंड बजाकर रहेंगे। पूरी ताकत के साथ लगिए और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं।
कार्यक्रम स्थल पर अंतरराष्ट्रीय नगाड़ा वादक नाथूराम सोलंकी की टीम द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। भाजपा नेता अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस हारती है तो आरोप लगाती है ये उनकी बौखलाहट है। मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। रोड शो के मार्ग पर वाहनों को दूसरे रूट पर डायवर्ट किया गया। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो में शामिल भीड़ को वोट में कैसे बदल पाते है और क्या लगातार इस बार भी नगर निगम में भाजपा का बोर्ड और मेयर बन पाता है इसका नतीजा 14 सितंबर को मतगणना के बाद सबके सामने होगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved