Post Views 01
September 5, 2026
आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना, निष्पक्ष माहौल में कराएं चुनाव- श्री राजेश्वर सिंह
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अजमेर सर्किट हाउस में ली बैठक
जिले में स्थानीय निकाय चुनाव की समीक्षा
अजमेर, 5 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी 9 एवं 11 सितम्बर को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। चुनाव पूर्णतः निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में कराएं जाएं। मतदान व मतगणना वाले दिन नियमों की पूर्णतः पालना कराई जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी व सभी निकायों में रिटर्निंग अधिकारी व उनकी टीम समय रहते पूरी तैयारी कर ले।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने शनिवार को सर्किट हाउस में अजमेर जिले में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकबन्धु ने उन्हें जिले की तैयारियों से अवगत कराया। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिए कि चुनाव पूर्णतः निष्पक्ष व भयमुक्त माहौल में सम्पन्न कराए जाएं। सभी निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि ईवीएम का रेण्डमाइजेशन निर्धारित समय पर किया जाए और इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को समय पर सूचना दी जाए। चुनाव से संबंधित सभी नियमों की जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाए। राजनीतिक दलों और सभी प्रत्याशियों की इसकी जानकारी दी जाए।
श्री सिंह ने कहा कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील पोलिंग बूथों का चिन्हीकरण करें तथा इन क्षेत्रों में सुरक्षा के अतिरिक्त बंदोबस्त किए जाएं। ऎसे व्यक्ति जो चुनाव में विघ्न डाल सकते हैं, उन्हें पाबंद किया जाए। जिले में जारी लाइसेंसी हथियारों को थाने में जमा करवाया जाए। चुनाव से जुड़े अधिकारी द्वितीय रेण्डमाइजेशन के समय राजनीतिक दलों को आमंत्रित कर जानकारी दें।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि विभिन्न निकाय क्षेत्रों में 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मतदान केन्द्रों पर पानी, बिजली, छाया व रैम्प आदि की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने मतदान वाले दिन की जाने वाली व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की रावनगी, मॉक पोल, सुरक्षा, आवश्यक प्रक्रिया एवं मतदान केन्द्रों पर एक साथ भारी भीड़ उमड़ने पर सभी आवश्यक कदम उठाएं जाएं।
श्री सिंह ने मतदान के पश्चात ईवीएम को स्ट्राँग रूम तक पहुंचाने, स्ट्राँग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी, मतगणना के दिन कार्मिकों की नियुक्ति, राउंडवार व्यवस्था आदि के बारे में भी विस्तृत निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके पूरी गंभीरता के साथ सम्पन्न कराएं। पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला ने चुनाव के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने अब तक की गई व्यवस्थाओं के बारे में बताया। स्वीप गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved