Post Views 01
September 5, 2026
अजमेर में बीती रात से हो रही बारिश के बीच प्लाजा सिनेमा रोड स्थित आर्य पुत्री स्कूल की दीवार का एक बड़ा हिस्सा अल सुबह अचानक भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में स्कूल की दीवार के पास खड़ी लगभग पांच कार मलबे में दबने से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। यहां पार्किंग में लगी कारें अधिकतर अजमेर आए जायरीनों की थी जो गाड़ियां पार्क करके दरगाह जियारत को गए हुए थे या फिर होटल में ठहरे हुए थे। गुजरात और महाराष्ट्र नंबर की इन कारों में भारी नुकसान हुआ है। डिग्गी प्लाजा रोड व्यापारिक एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप बुलचंदानी ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह लगभग 6:30 से 7 बजे के बीच की है। गनीमत रही कि हादसा अल सुबह हुआ यदि दिन में होता तो जनहानि भी हो सकती थी क्योंकि इस मार्ग पर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। साथ ही स्कूल में बड़ी संख्या में छात्राएं भी मौजूद रहती हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वही कार मालिकों की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved