Post Views 01
September 4, 2026
अजमेर में चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और प्रशासन पर आचार संहिता के खुले उल्लंघन का बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल, पूर्व
आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, उपाध्यक्ष एडवोकेट विवेक पाराशर,प्रवक्ता शैलेश गुप्ता,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश टंडन ,अनुज टंडन आदि नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और क्रिश्चियन गंज थानाधिकारी अरविंद चारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष विवेक पाराशर, डॉ. राजकुमार जयपाल और पूर्व RTDC चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने निर्वाचन विभाग में मुख्य रूप से चार गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। पहली शिकायत विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक संवैधानिक पद पर होने के बावजूद देवनानी खुलेआम भारतीय जनता पार्टी का प्रचार कर रहे हैं, पार्टी का दुपट्टा पहन रहे हैं और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं। धर्मेंद्र राठौड़ ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं होता, लेकिन देवनानी पद की गरिमा और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। पाराशर ने देवनानी पर तंज कसते हुए उन्हें 'अजमेर का कंस' तक कह डाला।
दूसरी बड़ी शिकायत कृष्ण गंज थानाधिकारी अरविंद चारण के खिलाफ की गई है। डॉ. जयपाल और राठौड़ ने आरोप लगाया है कि थाना अधिकारी अरविंद चारण सरेआम बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरा-धमका कर बीजेपी के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे हैं। कांग्रेस ने 11 तारीख को होने वाले चुनाव से पहले उन्हें तत्काल पदमुक्त करने की मांग की है।इसके लिए आईजी ओर एसपी को पत्र दिया गया है।
इसके अलावा, वार्ड संख्या 78 और वार्ड 2 में भी भारी अनियमितताओं का आरोप है। कांग्रेस का कहना है कि रातों-रात नगर निगम की JCB और ट्रैक्टरों का इस्तेमाल कर बैनर हटाए जा रहे हैं और मतदाताओं को प्रलोभन दिया जा रहा है। साथ ही, कुछ गैर-राजनीतिक रजिस्टर्ड संस्थाएं भी नियमों के विरुद्ध जाकर एक पार्टी विशेष का प्रचार कर रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा है कि आयोग आंखें मूंद कर बैठा है और बीजेपी के दबाव में काम कर रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन अधिकारियों और नेताओं पर कार्रवाई नहीं की गई, तो अजमेर की जनता इस अहंकार का जवाब अपने वोटों से देगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved