Post Views 51
September 7, 2026
श्रीनगर रोड स्थित साइंस एकेडमी कोचिंग संस्थान में चोरी की वारदात,कोचिंग संस्थान में शातिर चोरों का धावा
9 AC के कॉपर पाइप चुराए, फॉल्स सीलिंग तोड़ी,साढ़े 4 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान, पुलिस जुटी जांच में
अजमेर के श्रीनगर रोड स्थित साइंस एकेडमी कोचिंग संस्थान से चोरी की बड़ी खबर सामने आई है। अजंता सिनेमा के पीछे स्थित इस संस्थान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर 9 एयर कंडीशनर (AC) के कॉपर पाइप काट लिए और पाइप खींचने के दौरान छत की फॉल्स सीलिंग भी तोड़ दी। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान संचालक ने अलवर गेट थाने में मामला दर्ज कराया है।
अजमेर के श्रीनगर रोड स्थित साइंस एकेडमी कोचिंग संस्थान में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए करीब साढ़े चार लाख रुपए के नुकसान को अंजाम दिया है। संस्थान संचालक भावुक शर्मा जब सुबह कोचिंग पहुंचे, तो उन्हें एसी काम नहीं करते हुए मिले। जब जांच की गई तो पता चला कि 9 कमरों के एसी जमीन पर गिरे हुए हैं और उनके कॉपर पाइप गायब हैं।
साइंस एकेडमी,संचालक, भावुक शर्मा ने बताया कि "हमारा कोचिंग सेंटर साइंस एकेडमी, श्रीनगर रोड मार्टिन ब्रिज के पास, अजंता सिनेमा के पीछे है। सुबह जब मैंने ऑफिस खोला और एसी ऑन किया तो वह काम नहीं कर रहा था। दूसरे कमरों में जाकर देखा तो 9 कमरों के एसी जमीन पर गिरे हुए थे और उनके कॉपर वायर कटे हुए थे। एक एसी लगभग 50 हजार का है, जिससे करीब साढ़े 3 लाख के एसी और कॉपर वायर खींचने में फॉल्स सीलिंग टूटने से कुल 4 से साढ़े 4 लाख का नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट हमने अलवर गेट थाने में दर्ज करा दी है। चोर पीछे अजंता सिनेमा वाले रास्ते से आए थे, जहाँ पेड़ होने के कारण वे सीसीटीवी में नज़र नहीं आए।"
संचालक भावुक शर्मा के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी संस्थान में दो एसी के पाइप काटे गए थे। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में किसी पेशेवर गिरोह और चोरी का कॉपर खरीदने वाले कबाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल अलवर गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। देखना होगा कि बेखौफ घूम रहे इस शातिर गिरोह को पुलिस कब तक दबोच पाती है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved