Post Views 01
August 30, 2026
सिविल लाइन क्षेत्र में बढ़ती चोरियों से दुकानदारों में रोष, थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन,
आरोप लगातार नशे की लत वाले युवक चोरी की वारदातों को दे रहे हैं अंजाम सीसीटीवी में भी कैद हुई वारदात
अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र लोहखान , पीली खान सहित आसपास की दुकानों में लगातार हो रही छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं से परेशान दुकानदार आज सिविल लाइन थाने पहुंचे। दुकानदारों ने थाना अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर रोक लगाने की मांग की।दुकानदारों का आरोप है कि पिछले लंबे समय से कुछ असामाजिक तत्व सुनसान दुकानों को निशाना बना रहे हैं। दुकान खाली मिलने पर आरोपी मोबाइल, चॉकलेट, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट सहित जो भी सामान हाथ लगता है, उसे चोरी कर ले जाते हैं। दुकानदारों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ युवक नशे की लत के चलते छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। उन्हें आशंका है कि यदि समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ये किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।दुकानदारों ने बताया कि कुछ घटनाएं दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में कथित तौर पर बिना नंबर की गाड़ी से आने वाले नकाबपोश नजर आ रहे हैं, जो बहाने बनाकर दुकानों में चोरी करते दिखाई देते हैं।मामले को लेकर थाना अधिकारी ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि घटनाओं की जांच कर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने का भी भरोसा दिलाया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved