Post Views 41
August 29, 2026
अजमेर नगर निगम चुनाव: दो दिनों में अब तक 26 नामांकन दाखिल, आज 491 उम्मीदवारों ने लिए आवेदन
अजमेर। अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। नगर निगम के 80 वार्डों के लिए अब तक 26 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं शनिवार को अलग-अलग उम्मीदवारों ने 491 नामांकन आवेदन लिए।इससे पहले 27 अगस्त को 602 आवेदन लिए गए थे। अब तक बड़ी संख्या में दावेदारों द्वारा नामांकन फॉर्म लिए जाने के बावजूद कांग्रेस और भाजपा ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सूची जारी होने के बाद नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में तेजी आने की संभावना है।अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ अभिषेक गोयल ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त सोमवार निर्धारित है।रविवार को उम्मीदवार नामांकन की जांच करा सकते हैं लेकिन नामांकन सोमवार को ही जमा हो सकेंगे।ऐसे में अंतिम दिन सोमवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक दलों के टिकट की घोषणा का इंतजार कर रहे दावेदारों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी नामांकन की तैयारी में जुटे हैं।
नगर निगम के 80 वार्डों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और अब सभी की नजरें भाजपा-कांग्रेस की प्रत्याशी सूची तथा 31 अगस्त को होने वाले नामांकन पर टिकी हैं।
वही दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के द्वारा सिंबल अलॉट करने में सावधानी भारती जा रही है और लगता है कि सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन चुनाव कार्यालय में ही सिंबल दिए जाएंगे।
इससे पूर्व जिला कलेक्टर व मुख्य जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु ने कलेक्ट्रेट में जिन-चार स्थानों पर नामांकन प्रक्रिया चल रही हैं उन सभी का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved