Post Views 11
August 26, 2026
आई बैंक सोसायटी आफ राजस्थान अजमेर चैप्टर के द्वारा 25 अगस्त से 8 सितंबर तक नेत्रदान पखवाड़े का किया जाएगा आयोजन,
20 साल में 4572 से अधिक कॉर्निया दान, 2026 में अब तक 220 कॉर्निया डोनेट
अजमेर। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, अजमेर चैप्टर की स्थापना के 20 वर्ष पूरे हो गए हैं। संस्था की स्थापना 3 नवंबर 2006 को कॉर्निया पीड़ित लोगों के जीवन में रोशनी लाने के उद्देश्य से समाजसेवियों, नागरिकों और स्वर्गीय मीठालाल मेहता के सहयोग से की गई थी। आई बैंक सोसायटी के अनुसार पिछले 20 वर्षों में अजमेर चैप्टर को जागरूक जनता, नेत्रदानी परिवारों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अब तक 4572 से अधिक कॉर्निया दान प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2026 में महज आठ महीनों में ही 220 कॉर्निया दान प्राप्त किए जा चुके हैं। संस्था के अनुसार वर्ष 2006 में शुरुआती दौर में एक साल में केवल 4 से 6 कॉर्निया ही मिल पाते थे। संस्था के कार्य को आगे बढ़ाने में पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एल.के. नेमालिया, वर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश पोरवाल, मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. आर.के. माथुर और उनकी पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रेस के माध्यम से लगातार किए गए प्रचार-प्रसार से भी नेत्रदान के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ी है। अजमेर के साथ-साथ किशनगढ़, ब्यावर, मसूदा, विजयनगर, मकराना, परबतसर, डीडवाना, कुचामन, नसीराबाद, बांदनवाड़ा, मेड़ता, सरवाड़, केकड़ी, भीम, टाटगढ़, देवगढ़, शाहपुरा सहित विभिन्न शहरों और गांवों से भी लगातार नेत्रदान प्राप्त हो रहे हैं।
आई बैंक सोसायटी ने सभी नेत्रदानी परिवारों, जागरूक नागरिकों और प्रेस के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताते हुए भविष्य में भी नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved