Post Views 31
August 25, 2026
बिना अनुमति नर्सिंग स्कूल संचालन और फीस वसूली का आरोप, छात्रों ने कलेक्टर से लगाई कार्रवाई की गुहार
अजमेर। राजस्थान हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग से जुड़े छात्र छात्राओं ने संस्थान के संचालकों पर बिना राज्य सरकार की वैध अनुमति के नर्सिंग स्कूल संचालित करने और छात्रों से फीस वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनसे वसूली गई फीस वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत में छात्रों ने आरोप लगाया कि ग्राम सराधना में मात्र तीन कमरों के किराए के भवन में बिना वैध अनुमति के नर्सिंग स्कूल संचालित किया गया। आरोप है कि छात्रों को भ्रमित कर उनसे लाखों रुपये की फीस वसूली गई। छात्रों के अनुसार 3 मई 2024 को राजस्थान हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग का अधिकृत पता एमडीएस यूनिवर्सिटी मार्ग, जवाहर मेडिकल कॉलेज के पीछे, आदित्य भवन, कायड़, अजमेर किया गया था। इसके बावजूद ग्राम सराधना में संस्थान का संचालन जारी रखा गया।
छात्रों का कहना है कि बाद में सीएमएचओ अजमेर की ओर से ग्राम सराधना में संचालित नर्सिंग स्कूल को सील कर दिया गया। छात्रों को बताया गया कि संस्थान का अधिकृत संचालन कायड़ स्थित पते पर है। इसके बाद भी उन्हें कथित तौर पर गुमराह किया गया।
शिकायत में छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने जमा की गई फीस वापस मांगी तो कुछ संचालकों ने फीस लौटाने से इनकार कर दिया और मोबाइल फोन बंद कर दिए। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दी गई, लेकिन छात्रों के अनुसार अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थापक हेमराज जांगिड़िया की ओर से सेकंड ईयर की फीस दोबारा वसूली जा रही है और फीस नहीं देने पर दस्तावेज रोकने की बात कही जा रही है। छात्रों ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, छात्रों से धोखाधड़ीपूर्वक वसूली गई फीस वापस दिलाने और भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसी घटना नहीं होने देने की मांग की है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved