Post Views 21
August 26, 2026
कांग्रेस ने भाजपा सरकार से मांगा 21 सवालों का जवाब, देवनानी को घेरा, निजी होटल मे प्रेस वार्ता कर मीडिया से हुए रूबरू
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और अजमेर के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर 21 सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल की ओर से जारी सवालों में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की राजनीतिक भूमिका, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, पेयजल संकट, सड़कों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार से जवाब मांगा गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर बैठे वासुदेव देवनानी द्वारा भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी का दुपट्टा पहनने से आचार संहिता और नैतिकता से जुड़े सवाल खड़े होते हैं। साथ ही दिनेश शर्मा आत्महत्या मामले को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा है।
सवालों में नगर निगम की कथित 13 विवादित फाइलों, पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप, आनासागर झील व पहाड़ी वितरण घोटाले, स्मार्ट सिटी के तहत हुए निर्माण कार्यों और रामसेतु परियोजना को लेकर भी जवाब मांगा गया है।
कांग्रेस ने अजमेर में लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट, टूटी सड़कों, ओवरफ्लो सीवरेज और नाकाम ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। इसके अलावा फॉयसागर क्षेत्र में बारिश के दौरान बिगड़े हालात, कच्ची बस्तियों की समस्याओं, स्ट्रीट वेंडर्स और ठेला चालकों के रोजगार से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल इमारतों और सड़कों के नाम बदलने तक सीमित है। सवालों में अजमेर के विकास की वास्तविक उपलब्धियां जनता के सामने रखने और शहर की बदहाल स्थिति के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।
अंत में कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने अजमेर के विधायक और भाजपा नेताओं से जनता के इन सवालों का जवाब देने तथा शहर के विकास के लिए जनता से माफी मांगने की मांग भी की।
पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया के सामने कांग्रेस की एकजुटता को दिखाने का भी प्रयास किया गया। प्रेस वार्ता में पूर्व कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय जैन, पूर्व दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी हेमंत भाटी और उनके समर्थक भी मौजूद रहे।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved