Post Views 11
August 22, 2026
भाजपा के आचार संहिता उल्लंघन पर कांग्रेस का कड़ा प्रहार: ‘मातृशक्ति फेस्ट’ से हटे उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी व भाजपा नेताओं के पोस्टर, सत्ता के दुरुपयोग पर कांग्रेस का कड़ा पहरा
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आचार संहिता की उड़ाई जा रही धज्जियों और सत्ता के खुले दुरुपयोग के खिलाफ अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई शिकायत का बड़ा असर देखने को मिला है। भाजपा विधायक अनिता भदेल द्वारा आयोजित किए जा रहे 'मातृशक्ति फेस्ट' में नियमों को ताक पर रखकर लगाए गए राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं भाजपा के संभावित पार्षद प्रत्याशियों के पोस्टरों पर आखिरकार कार्रवाई हुई है। कांग्रेस के कड़े रुख के बाद आयोजकों को तुरंत प्रभाव से विवादित पोस्टर हटाने और बदलने पड़े हैं।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि विवेक पाराशर (एडवोकेट) ने जारी बयान में कहा कि मातृशक्ति फेस्ट के आयोजन में आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इस संबंध में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी और अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल द्वारा साक्ष्यों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी गई थी। इस शिकायत के बाद निर्वाचन विभाग की सख्ती के चलते आयोजकों को बैकफुट पर आना पड़ा और पोस्टरों को बदलने का अभियान शुरू करना पड़ा।
विवेक पाराशर एडवोकेट ने कहा कि विवादित पोस्टरों का हटाया जाना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा चुनाव में निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि:
प्रलोभन का खेल: मातृशक्ति फेस्ट के नाम पर पैसों के कूपन बांटे जा रहे हैं तथा उपहार व इनाम बांटने के विज्ञापन जारी कर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है।
कर्मचारियों पर नजर: कार्यक्रम में यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या मनरेगा कर्मचारी हिस्सा लेकर प्रलोभन के उपहार स्वीकार करता है या राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा बनता है, तो उसके खिलाफ भी तत्काल नामजद शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि पोस्टर हटाना तो महज शुरुआत है; भाजपा द्वारा दिए जा रहे लोभ-लालच और प्रलोभन की हर गतिविधि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पैनी नजर बनी हुई है। अजमेर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मोर्चे पर डटा हुआ है और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ यह लड़ाई पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved