Post Views 01
August 22, 2026
चूड़ी खरीदने के दौरान महिला के पर्स से 25 हजार की नगदी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
अजमेर। चूड़ी बाजार में खरीददारी करने पहुंची महिला के पर्स से करीब 25 हजार रुपए की नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने सदर कोतवाली थाने में शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है।सुभाष नगर शिवाजी कॉलोनी निवासी सुनीता कंवर चूड़ी खरीदने के लिए चूड़ी बाजार पहुंची थी। सुनीता के मुताबिक, उसकी सुभाष नगर में कपड़ों की दुकान है, पर्स में दुकान का कैश रखा हुआ था। वह चूड़ी खरीदने में व्यस्त थी, इसी दौरान दो महिलाएं दुकान में आईं। इनमें से एक महिला ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था।
आरोप है कि महिला ने सुनीता के पर्स के ऊपर अपना बैग रख दिया और मौका पाकर पर्स के अंदर रखा छोटा पर्स निकाल लिया। छोटे पर्स में करीब 25 हजार रुपए की नगदी थी। चोरी के बाद दोनों महिलाएं वहां से फरार हो गईं।पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया जिसमें वारदात को अंजाम देती महिलाएं नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved