Post Views 11
August 22, 2026
अजमेर जेएलएन अस्पताल में तीन हार्डकोर अपराधियों का इलाज, हथियारबंद जवानों के कड़े पहरे में पहुंचे सिकेन्द्र, रणवीर और रिंकू
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद तीन हार्डकोर अपराधियों को शनिवार को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल लाया गया। तीनों अपराधियों के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस का जाप्ता पहले से ही तैनात कर दिया गया। अस्पताल परिसर में हथियारबंद जवानों की मौजूदगी और कड़ी सुरक्षा के चलते पूरे समय पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई।
जानकारी के अनुसार हार्डकोर अपराधी सिकेन्द्र को सर्जरी ओपीडी में चिकित्सकों को दिखाया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे एचआईवी से संबंधित शिकायत होने की जानकारी दी और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके बाद दूसरे अपराधी रणवीर को सर्जरी ओपीडी में जांच के लिए ले जाया गया। दोनों को पुलिसकर्मियों की कड़ी निगरानी में ओपीडी तक पहुंचाया गया।
वहीं तीसरे अपराधी रिंकू के पैर में पुरानी चोट होने के कारण उसे हड्डी रोग विभाग में चिकित्सकों को दिखाया गया। उपचार के दौरान पुलिस जवान लगातार उनके साथ मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी हत्या, लूट, फिरौती और डकैती जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहे हैं। ऐसे में अस्पताल में उनकी मौजूदगी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती। चिकित्सकीय जांच और उपचार पूरा होने के बाद तीनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच वापस हाई सिक्योरिटी जेल भेज दिया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved