Post Views 01
August 8, 2026
तेज रफ्तार कार ने दो पुलिसकर्मियों को मारी जोरदार टक्कर, ASI की हालत नाजुक
अजमेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नया बाजार में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस अधिकारियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दरगाह थाने के ASI राजेन्द्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि ASI राजेन्द्र प्रसाद की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला भी जेएलएन अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।गौरतलब है कि ASI राजेन्द्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल प्रदीप का हाल ही में गंज थाने से दरगाह थाने में ट्रांसफर हुआ था। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी चिंता का माहौल है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved