Post Views 01
August 8, 2026
अजमेर पुलिस की साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 42 ठिकानों पर दबिश देकर 24 आरोपी किए गिरफ्तार
अजमेर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘साइबर एरेस्ट अभियान’ एवं ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार शाम पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 42 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान साइबर अपराध से जुड़े दर्ज 9 प्रकरण में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई नसीराबाद सदर, केकड़ी शहर, पुष्कर, , किशनगढ़, गांधीनगर, मदनगंज, विजयनगर, हरमाड़ा, कोतवाली, अलवरगेट, रामगंज, क्लॉक टावर और आदर्श नगर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई।
पुलिस ने साइबर अपराध की घटनाओं को रोकने और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने चिन्हित आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 एवं पुलिस को सूचना दें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved