Post Views 01
July 15, 2026
अजमेर के रामगंज थाना अंतर्गत बीती रात जॉन्स गंज चौराहे पर बाइक चोरों की एक और करतूत सामने आई, लेकिन इस बार उनकी चालाकी एक मैकेनिक की सूझबूझ के आगे फेल हो गई। पोरवाल चौराहे पर स्थित एक मैकेनिक की दुकान पर दो शातिर युवक मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, दुकान संचालक को उन पर शक हो गया। मैकेनिक ने बिना घबराए हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद तुरंत रामगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मास्टर चाबी के जरिए मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पीछे कोई बड़ा वाहन चोर गिरोह तो सक्रिय नहीं है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने मैकेनिक की बहादुरी और सतर्कता की जमकर सराहना की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved