Post Views 21
July 14, 2026
भाभी पर गर्म दूध फेंकने का आरोप, देवरानी के खिलाफ मामला दर्ज
अजमेर। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला पर गर्म दूध फेंककर घायल करने का मामला सामने आया है। गड्डी मालियान निवासी सुरमा पत्नी मांगीलाल की ओर से अपनी देवरानी संतोष पत्नी कैलाशनाथ के खिलाफ आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह आरोपी महिला कथित तौर पर सुरमा के घर पहुंची और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मारपीट की और गैस पर गर्म हो रहे दूध को पीड़िता के ऊपर फेंक दिया। गर्म दूध गिरने से सुरमा झुलस गई। घटना के बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी देवरानी आए दिन उसके साथ मारपीट करती है और जान से मारने की धमकी भी देती है। उसने यह भी बताया कि आरोपी परिवार के अन्य सदस्यों से भी अक्सर विवाद करती रहती है। साथ ही उसने अपने पति और बेटे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है।
आदर्श नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कन्हैयालाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved