Post Views 131
July 13, 2026
अजमेर जिला न्यायालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
अजमेर। जिला एवं सेशन न्यायालय को सोमवार को सुबह सात बजे बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं। सीओ शिवम जोशी के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, एटीएस तथा सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर को खाली कराकर न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आमजन को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट रूम, कार्यालयों, पार्किंग और परिसर के आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटे तक चली जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। तलाशी पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने धमकी भरे ईमेल को गंभीरता से लेते हुए साइबर विशेषज्ञों की सहायता से ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved