Post Views 51
July 12, 2026
अजमेर में जाली नोटों का बड़ा खुलासा, 13.06 लाख के नकली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार
अजमेर जिला पुलिस ने जाली नोटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंज थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपए के जाली नोट और नोट छापने से जुड़ी सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद नोटों और शीटों पर छपे नोटों का कुल मूल्य 13 लाख 6 हजार रुपए पाया गया है। पुलिस इसे अजमेर जिले में जाली नोटों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बता रही है।
थाना अधिकारी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 जुलाई 2026 को थानाधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विक्रम जॉन पुत्र छितरमल, निवासी घी मंडी के पास प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी, थाना गंज, अजमेर अपने पास नकली नोट रखता है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी घी मंडी सरकारी स्कूल के पास आसमानी रंग का बैग लेकर घूम रहा है और अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध युवक को पकड़ा और नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम विक्रम जॉन पुत्र छितरमल बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें 500-500 रुपए के जाली नोट और शीटों पर छपे नोट बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार बैग में मिले जाली नोटों और छपी हुई शीटों की कुल राशि 13 लाख 6 हजार रुपए पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने नोटों को नकली होना बताया। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामग्री को विधि अनुसार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 178, 179 और 180 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी जाली नोट कहां से ला रहा था, नोटों की छपाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इन नकली नोटों को बाजार में चलाने का नेटवर्क कितना बड़ा है। मामले में आरोपी के अन्य साथियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved