Post Views 41
July 12, 2026
भागीरथ चौधरी ने खतौली गांव में ₹7.90 करोड़ की लागत से निर्मित तीन प्रमुख सड़कों का किया लोकार्पण
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने संसदीय क्षेत्र की ग्राम पंचायत खतौली में लगभग ₹790.66 लाख (₹7.90 करोड़) की लागत से निर्मित तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का किया लोकार्पण
खातौली (अजमेर), 12 जुलाई 2026
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र की ग्राम पंचायत खातौली के टोंकडा में लगभग ₹790.66 लाख (₹7.90 करोड़) की लागत से निर्मित तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मेगा हाईवे से टोंकडा तक 2 किलोमीटर लंबाई एवं 7 मीटर चौड़ाई की सीसी सड़क (स्वीकृत राशि ₹317.48 लाख), श्रीराम कांटा से जाटों की ढाणी तक 2 किलोमीटर लंबाई एवं 7 मीटर चौड़ाई की सीसी सड़क (स्वीकृत राशि ₹320.79 लाख) तथा न्यू डम्पिंग यार्ड से काली डूंगरी तक 900 मीटर लंबाई एवं 7 मीटर चौड़ाई के मिसिंग लिंक सड़क निर्माण कार्य (स्वीकृत राशि ₹152.39 लाख) का लोकार्पण किया।
ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास पहुंचा रही है भाजपा सरकार : इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि इन आधुनिक सड़कों के निर्माण से किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों एवं आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। गांवों का मेगा हाईवे से बेहतर संपर्क स्थापित होने के साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार देश, प्रदेश और अजमेर संसदीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याण के लिए निरंतर ऐतिहासिक कार्य कर रही है। हमारी सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और प्रत्येक क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत है।
शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया पौधारोपण : अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले टोंकडा के अमर शहीद नायक भागचन्द गुर्जर की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद भागचन्द गुर्जर का अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति सदैव युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत खातौली के प्रशासक हरिराम बाना, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved