Post Views 01
July 12, 2026
कुचीपला भैरव धाम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन
अजमेर। गंज क्षेत्र स्थित किन्नरो का नोहरा प्रसिद्ध कुचीपला भैरव धाम मंदिर में रविवार को किन्नर समाज की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। गद्दीपति किन्नर समाज की सलोनी भाई ने बताया कि इस अवसर पर करीब 2000 श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
उन्होंने बताया कि कुचीपला भैरव धाम मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना बाबा भैरवनाथ अवश्य सुनते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के कारण अजमेर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के विभिन्न जिलों तथा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु नियमित रूप से यहां दर्शन करने पहुंचते हैं।
मंदिर की सबसे विशेष बात यह है कि यहां किसी भी प्रकार का चढ़ावा, दान या दक्षिणा लेने की परंपरा नहीं है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की धनराशि नहीं मांगी जाती। भक्त केवल बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और अपनी श्रद्धा के साथ लौटते हैं। यही परंपरा इस मंदिर को अन्य धार्मिक स्थलों से अलग पहचान दिलाती है।
सलोनी भाई ने बताया कि मंदिर में प्रत्येक रविवार दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक बाबा भैरवनाथ की विशेष चौकी का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना करते हैं। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा से प्रार्थना करते हैं। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन के सफल संचालन में सहयोग किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved