Post Views 101
July 13, 2026
श्री टॉकीज के पास सूने मकान में चोरी, ताले तोड़कर नकदी व जेवरात ले उड़े चोर
अजमेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्री टॉकीज के पास एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक मनी दायमा अपने बेटे अनिल दायमा से मिलने जयपुर गए हुए थे। मकान सूना होने का फायदा उठाकर चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और अंदर रखी अलमारी को खंगाल डाला।
चोर घर से सोने की एक अंगूठी, चांदी की एक अंगूठी, चार से पांच चांदी के सिक्के तथा करीब 12 से 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। जयपुर से लौटने पर परिवार को घर के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी का पता चलते ही पीड़ित अनिल दायमा ने कोतवाली थाना पुलिस को शिकायत दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved