Post Views 41
July 13, 2026
अजमेर। गंज थाना पुलिस द्वारा 13 लाख 6 हजार रुपये के जाली नोट बरामदगी मामले में गिरफ्तार आरोपी विक्रम जोन (27) निवासी प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर जाली नोटों के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से वेल्डर है। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर घी मंडी स्थित सरकारी स्कूल के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। उसके आसमानी रंग के बैग की तलाशी लेने पर 500-500 रुपये के जाली नोटों के बंडल और प्रिंटेड शीटें बरामद हुईं। बरामद नकली नोटों की कुल अंकित कीमत 13 लाख 6 हजार रुपये है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नोटों के नकली होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोट कहां तैयार किए गए, इन्हें बाजार में कहां खपाया जाना था और इस पूरे गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved