Post Views 61
July 13, 2026
तीर्थंनगरी की सफाई व्यवस्था से खिलवाड़ और अतिक्रमण नही होंगे बर्दाश्त- जेसवानी, पुष्कर नगर परिषद की आयुक्त जेसवानी कार्यभार संभालते ही एकशन मोड़ में
नगर परिषद पुष्कर को सोमवार को नई प्रशासनिक कमान मिल गई। नवनियुक्त आयुक्त रेखा जेसवानी ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान आयुक्त जनार्दन शर्मा ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर पूर्व उपसभापति शिवस्वरूप महर्षि,पूर्व पालिका उपाध्यक्ष मुकेश कुमावत ,पंडित ज्योतिषाचार्य कैलाशनाथ दाधीच सहित नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। भाजपा नेता अरुण वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी इस दौरान मौजूद रहे।
कार्यभार संभालने के कुछ ही देर बाद आयुक्त रेखा जेसवानी सीधे फील्ड में उतर गईं। उन्होंने जगत प्रसिद्ध पुष्कर सरोवर के प्रमुख घाटों सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। घाटों पर मौजूद लोगों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के सभापति कमल पाठक एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक ने आयुक्त का स्वागत करते हुए शहर की प्रमुख समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था कमजोर है, घाटों पर नियमित सफाई की आवश्यकता है तथा कई इलाकों में प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त किए जाने की जरूरत है। उन्होंने इन मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने का आग्रह किया।
आयुक्त रेखा जेसवानी ने स्पष्ट कहा कि पुष्कर की स्वच्छता, घाटों की व्यवस्थाएं और नागरिक सुविधाएं उनकी प्राथमिकता रहेंगी। निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।उन्हीने कहा कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही किये जायेंगे । उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं में तेजी से सुधार दिखाई देगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved