Post Views 01
June 25, 2026
होकरा बाईपास पर रॉन्ग-वे ट्रैक्टर से बाइक की भिड़ंत, बुबानी के युवक की मौत, गांव में शोक की लहर
होकरा पुलिया के नीचे होकरा बाईपास पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम बुबानी निवासी युवक कमल सिंह रावत की मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे बुबानी में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक कमल सिंह रावत, बुबानी निवासी श्रवण सिंह रावत के पुत्र थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, होकरा बाईपास पर रॉन्ग-वे से एक ट्रैक्टर तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कमल सिंह रावत की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद हर्ष कुड़ियां उम्र 22 वर्ष, निवासी किशनगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक का इलाज अजमेर के झेलम अस्पताल में जारी बताया जा रहा है। पूरी दुर्घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुष्कर थाना पुलिस और क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुष्कर थाने के एएसआई कमलेश मीणा ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट की जा रही है।इस हादसे ने बुबानी गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, श्रवण सिंह रावत के परिवार पर यह दूसरी बड़ी दुखद घटना है। इससे पहले उनके बड़े बेटे की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी और अब दूसरे बेटे कमल सिंह रावत का भी दुर्घटना में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अब श्रवण सिंह रावत के परिवार में कोई पुत्र नहीं बचा, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन है।कमल सिंह रावत का अंतिम संस्कार बुबानी मुक्तिधाम पर शाम करीब 4:30 बजे किया जाएगा। हादसे के बाद क्षेत्र में रॉन्ग-वे और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से होकरा बाईपास पर यातायात व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved