Post Views 01
June 8, 2026
फर्जी दस्तावेजों से चरक प्रेस लाइसेंस बनवाने के मामले में ई-मित्र संचालक गिरफ्तार
अजमेर। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चरक प्रेस का लाइसेंस बनवाने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ई-मित्र संचालक महेंद्र कुमार बंजारा को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व पुलिस इस प्रकरण के मुख्य आरोपी दिवेश चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।
सब इंस्पेक्टर गिरिराज कुमार के अनुसार मामले की रिपोर्ट मधु चौहान ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि उसके नाम के फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर चरक प्रेस का लाइसेंस बनवाया गया तथा उसका दुरुपयोग किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी दिवेश चौहान को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान ई-मित्र संचालक महेंद्र कुमार बंजारा की भूमिका सामने आई। जांच में पाया गया कि आरोपी ने कथित रूप से लालचवश लाइसेंस आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करते हुए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर महेंद्र कुमार बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड की मांग की गई। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved