Post Views 01
June 8, 2026
होकरा पुलिया पर भीषण हादसा: पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर दो ट्रेलरों से भिड़ा, एक चालक की मौत
पुष्कर क्षेत्र के होकरा गांव की पुलिया पर सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल-डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर और दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रेलर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक सहित दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर करीब *1 बजकर 40 मिनट* पर हुआ। अजमेर ग्रामीण एएसपी लालचंद कायल ने बताया कि जयपुर से पुष्कर की ओर आ रहे इंडियन ऑयल के टैंकर और पुष्कर से जयपुर की ओर जा रहे दो ट्रेलरों में होकरा पुलिया पर टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर चालक हाथी सिंह निवासी कडेल, पुष्कर किसी तरह टैंकर से बाहर निकलकर दूर चला गया। वहीं दोनों ट्रेलरों के चालक केबिन में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एक ट्रेलर चालक को बाहर निकाला, जबकि दूसरे चालक को पुलिस ने जेसीबी की सहायता से बाहर निकलवाया।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चूना लेकर जा रहे ट्रेलर चालक दिलशाद की मौत हो गई। वहीं जोधपुर के बोरूंदा निवासी दूसरे ट्रेलर चालक अब्दुल जफार पुत्र खुदा बक्श और टैंकर चालक हाथी सिंह का उपचार जारी है।
डीजल रिसाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। पुलिया पर यातायात बंद करवाया गया और करीब *500 मीटर का इलाका खाली* करवाया गया। आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकल को मौके पर बुलाया गया और टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव करवाया गया।
बताया जा रहा है कि टैंकर में करीब *5 हजार लीटर पेट्रोल और 15 हजार लीटर डीजल* भरा हुआ था। यह टैंकर जयपुर आईओसीएल से पुष्कर के श्रीमाधव गोपाल गुर्जर फिलिंग स्टेशन जा रहा था। हादसे के बाद लंबे समय तक क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved