Post Views 51
May 14, 2026
पॉलीटेक्निक कॉलेज 250 फीट जमीन पर उगाएगा 500 पौधे, श्री देवनानी ने किया शुभारम्भ
क्षेत्र में पहली बार जिगजेग पद्धति से उगाएंगे फलदार पौधे
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, अभिनव प्रयोग, अन्य स्थानों पर भी हो उपयोग
कॉलेज ने अपना संस्थान के साथ की शुरूआत
अजमेर, 14 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में पौधरोपण की एक अभिनव शुरूआत की। महाविद्यालय परिसर में लगभग 250 फीट लंबी एवं 6 फीट चौड़ी पट्टी पर करीब 500 पौधे 1.5 फीट की दूरी पर 500 फलदार व छायादार पौधे उगाए जाएंगे। जिगजेग पद्धति से यह पौधरोपण आने वाले समय में शहरी भूमि पर वन विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण जैव विविधता संवर्धन तथा हरित परिसर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के स्तर पर भी पर्यावरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नई तकनीकों के माध्यम से उनके संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्यावरण का विशेष महत्व रहा है। हमारे वेदों, शास्त्रों एवं जीवन पद्धति में प्रकृति संरक्षण को सर्वाेच्च स्थान दिया गया है। भारत ने विश्व को योग, प्रकृति के साथ संतुलित जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। यही कारण है कि भारत की प्राचीन संस्कृति विश्वभर में आदर्श मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन को देखते हुए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। हमें “युगानुकूल एवं देशानुकूल” नीति पर कार्य करते हुए आधुनिक तकनीकों का उपयोग पर्यावरण संरक्षण में करना होगा। इंजीनियरिंग एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भी उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री की इस प्रेरणादायी अपील को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सक्रिय भागीदारी ही सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने बताया कि अभियान में लगभग 35 प्रकार की प्रजातियों के पौधे शामिल किए गए हैं जिनमें फूलदार फलदार तथा छायादार वृक्ष सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि विशेष ध्यान रखा गया है कि एक जैसी प्रजाति के पौधे पास-पास न लगाए जाएं जिससे जैव विविधता बनी रहे तथा परिसर अधिक प्राकृतिक एवं संतुलित दिखाई दे। पौधों की नियमित सिंचाई हेतु पट्टी के दोनों ओर छोड़े गए 1 फीट स्थान में पाइपलाइन बिछाई गई है जिससे सभी पौधों तक समान रूप से जल पहुंच सके।
इस संपूर्ण कार्य में विनोद मेलाना का विशेष मार्गदर्शन रहा। संस्थान की ओर से पर्यावरण प्रभारी श्री सुरेश खींची तथा श्रीमती मीना चौधरी के नेतृत्व में टीम द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान भारती राजस्थान के क्षेत्र संरक्षक श्री पुरूषोत्तम पराजंपे ने की तथा औपचारिक धन्यवाद प्राचार्य श्री गोविन्द नारायण पारीक ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका पाठक ने किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved