Post Views 01
May 14, 2026
शिक्षकों की मांगों को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सरकार को चेताया, आंदोलन की दी चेतावनी
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को चेतावनी दी है। संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जारी कर मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की बात कही है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण शिक्षकों के ज्वलंत मुद्दों का समाधान नहीं हो पा रहा है। संगठन ने कहा कि शिथिल पंचांग में संशोधन, तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण, पदोन्नति, क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, स्टाफिंग पैटर्न लागू करने और आरजेएसएम व्यवस्था में सुधार जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
इसके अलावा संविदा शिक्षकों को नियमित करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। संगठन का कहना है कि शिक्षा विभाग नवाचार के नाम पर शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गैर-शैक्षणिक कार्यों और अत्यधिक ऑनलाइन गतिविधियों के कारण शिक्षकों में रोष बढ़ता जा रहा है। संगठन ने बताया कि महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में वोटिंग प्रक्रिया और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों के दबाव से शिक्षक परेशान हैं।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द निर्णय लेकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती है तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे।