Post Views 01
May 14, 2026
24 घंटे भी नहीं टिक पाई नई सड़क! विभागीय तालमेल के अभाव में जॉन्सगंज में पाइपलाइन कार्य के लिए जेसीबी से खोद दी गई नई सड़क, लोगों का फूटा गुस्सा
अजमेर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जॉन्सगंज में विभागीय समन्वय की कमी एक बार फिर सामने आई है। सीवरेज लाइन डालने के बाद लंबे समय से टूटी पड़ी सड़क का हाल ही में निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क बने अभी 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि पानी की पाइपलाइन डालने के लिए उसे दोबारा खोद दिया गया।
बुधवार को विभाग की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और नई बनी सड़क को तोड़ते हुए खुदाई कार्य शुरू कर दिया। नई सड़क टूटते देख क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक विभाग सड़क निर्माण करता है, जबकि दूसरा विभाग बिना किसी समन्वय के उसे दोबारा तोड़ देता है। इससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हो रही है बल्कि आमजन को भी लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण बार-बार सड़कें खोदी जा रही हैं। इससे इलाके में धूल-मिट्टी बढ़ गई है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में पहले सभी भूमिगत कार्य जैसे सीवरेज और पाइपलाइन का काम पूरा कराया जाए, उसके बाद ही सड़क निर्माण करवाया जाए ताकि सरकारी संसाधनों की बर्बादी रोकी जा सके और जनता को राहत मिल सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved