Post Views 51
May 14, 2026
पंचशील क्षेत्र में पानी संकट गहराया, नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अजमेर शहर के पंचशील क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। परेशान नागरिकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि पंचशील क्षेत्र शहर का प्रमुख एवं पॉश इलाका माना जाता है, लेकिन इसके बावजूद यहां नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। जलदाय विभाग द्वारा पूर्व में प्रत्येक 48 घंटे में पानी सप्लाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था सही तरीके से लागू नहीं हो पा रही है। कई बार 72 घंटे या उससे अधिक समय बाद पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। लोगों को दैनिक कार्यों और पेयजल के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पानी का प्रेशर काफी कम रहने के कारण ऊपरी मंजिलों और कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। जानकारी के अनुसार क्षेत्र की पानी की टंकी को पूर्ण क्षमता से नहीं भरा जा रहा, जिसके कारण सप्लाई का दबाव लगातार कम बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित टंकी को अधिकतम क्षमता तक भरकर उचित प्रेशर के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलदाय विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की गई है।
ज्ञापन पर क्षेत्र के कई नागरिकों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे जनआंदोलन किया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved