Post Views 01
May 14, 2026
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ओसवाल जैन विद्यालय में नवीन कक्षा-कक्ष निर्माण कार्य का किया शुभारम्भ
विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार निर्माण का भी केंद्र-विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी
अजमेर, 14 मई। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के कर-कमलों द्वारा गुरुवार को पट्टी कटला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओसवाल जैन में डीएमएफटी मद से स्वीकृत 44.82 लाख रुपये की लागत के तीन नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि देश को मिली आजादी लाखों शहीदों के बलिदान का परिणाम है और हमें उनके त्याग से प्रेरणा लेकर जीवन में उतारना भी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय को अपना परिवार मानते हुए उसकी स्वच्छता, अनुशासन और गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोई व्यक्ति अपने घर में गंदगी नहीं करता, उसी प्रकार विद्यालय परिसर को भी स्वच्छ और व्यवस्थित रखना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह संस्कार देने वाली संस्था है। यहां बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ श्रेष्ठ संस्कार भी प्रदान करें। वे जीवन में अच्छे नागरिक बन सकें।
श्री देवनानी ने विद्यालय के परीक्षा परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य परीक्षा उत्तीर्ण करना ही नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणामों के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी को अपने बच्चे के समान समझते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। साथ ही विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने एवं अध्ययन के प्रति गंभीर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और जल संकट का मुख्य कारण प्रकृति के साथ किया गया असंतुलन है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और जल संरक्षण की अनदेखी के कारण आज गर्मी और जल संकट की समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से विद्यालय परिसर एवं आसपास अधिकाधिक पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय विकास, शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री चंद्रशेखर, श्रीमती जयश्री, पार्षद श्री अशोक मुद्गल, मंडल अध्यक्ष श्री संदीप गोयल, श्री संदीप तंवर, अभिभावक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved