Post Views 01
May 14, 2026
तीन माह से मानदेय भुगतान नहीं होने से नाराज 2400 सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का तीसरा दिन,
चरमराने लगी है शहर की सफाई व्यवस्था, डोर टु डोर कचरा संग्रहण में हो रही है परेशानी, नगर निगम नहीं निकल पाया अभी तक कोई समाधान
अजमेर नगर निगम में ठेके पर कार्यरत 2400 अस्थायी सफाई कर्मचारियों की गुरुवार को तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही।कर्मचारियों ने बकाया भुगतान करने और वित्तीय सलाहकार को हटाने सहित 8 सूत्रीय मांग को पूरा करने तक काम पर नहीं लौटने का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन पदाधिकारी सनी गोयर ने बताया कि निगम आयुक्त नित्या के. और स्वास्थ्य अधिकारी रमेश चौधरी से बात हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। शहर की सफाई-व्यवस्था पर हड़ताल का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। दरगाह बाजार, देहली गेट, डिग्गी बाजार, स्टेशन रोड, पड़ाव और आगरा गेट सहित कई प्रमुख मार्गों पर कचरा जमा हो गया है। प्रशासन ने स्थिति बिगड़ने पर वाडों के स्थायी कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि खाते में पूरा मानदेय आने तक काम पर नहीं लौटेंगे। महिला सफाई कर्मचारियों ने निगम की पुरानी बिल्डिंग में प्रदर्शन किया। यूनियन ने वित्तीय शाखा पर भुगतान में देरी का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने और जलकुंभी कार्य में लगे कार्मिकों का मानदेय भी जल्द जारी करने की मांग की। नगर निगम के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले ऑटो टिपर चालक लगातार तीसरे दिन हड़ताल पर रहे जिससे घरों से कचरा संग्रहण नहीं हुआ। मार्च माह का मानदेय नहीं मिलने से नाराज चालक ओर सहायक काम पर नहीं लौटे। इससे 44 वाडों में कचरे का अंबार लग गया है। सफाई कर्मचारी यूनियन के सन्नी गोयर ने बताया कि 119 ऑटो टिपर चालक हड़ताल पर हैं। क्षेत्र के करीब 80 हजार मकानों और 155 कचरा डिपो से दो दिन से कचरा नहीं उठ पाया है। यहां से रोजाना करीब 180 टन कचरा उठता है। ऐसे में दो दिन में करीब 360 टन कचरा जमा हो गया। यूनियन का कहना है कि पहले भी समय पर भुगतान नहीं मिलने पर हड़ताल हुई थी। तब हर माह की 10 तारीख तक मानदेय देने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक मार्च का भुगतान नहीं हुआ। ऑटो टिपर चालकों ने निगम आयुक्त नित्या के. से भी मुलाकात की। यूनियन ने साफ किया कि हर महीने खाते में पूरा मानदेय समय पर आने के लिखित आश्वासन के बाद ही काम पर लौटेंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved